औरंगाबाद : गुरुवार की रात करीब आठ बजे बारूण थाना इलाके में स्थित बरूआ पुल के पास एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गयी. दोनों मोटरसाइकिल पर सवार होकर बारूण से अपने ठिकाने को लौट रहे थे.
इनके नाम संतोष सिंह और संतोष कुमार बताये गये हैं. पता चला है कि दोनों रिश्ते में साला-बहनोई हैं. इनकी मौत से दोनों के परिवारों पर गम का पहाड़ टूट पड़ा है. वैसे इसी हादसे में विजय कुमार नामक एक अन्य युवक घायल भी हो गया है.
घटना के बारे में पता चला है कि संतोष सिंह व संतोष कुमार मोटरसाइकिल से बारूण गये थे. वे मोटरसाइकिल से ही वापस अपने ठिकाने को लौट रहे थे. तभी बरूआ पुल के पास इनकी मोटरसाइकिल एक डंपर से टकरा गयी. संभवत: मौके पर ही दोनों की मौत हो गयी थी. गश्त में निकली बारूण थाने की पुलिस ने इन्हें लहूलुहान देख अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने इन्हें मृत घोषित कर दिया. उधर, इसी हादसे में बुरी तरह घायल विजय कुमार को बेहतर इलाज के लिए पटना भेज दिया गया है. खबर लिखे जाने तक दोनों मृतकों का शव यहां सदर अस्पताल में पड़ा था.
