दाउदनगर (अनुमंडल) : अनुमंडल मुख्यालय के पटेल नगर इलाके में सदस्यता अभियान को लेकर भाजपा की बैठक हुई. इसमें सदस्यता अभियान को गति देने के साथ केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का निर्णय लिया गया. बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रखंड अध्यक्ष अश्विनी कुमार तिवारी ने कहा कि नीतीश सरकार सभी मोरचे पर विफल साबित हो रही है. सूबे का विकास पूरी तरह बाधित है.
किसानों का धान नहीं खरीदा जा रहा है.आम जनता इस सरकार की हकीकत समझ चुकी है. विकास के कागजी आंकड़े पेश किये जा रहे हैं. उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि इस प्रखंड में 11 हजार नये सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. भाजयुमो नेता विवेकानंद मिश्र ने कहा कि हमें एक बूथ बीस यूथ का संकल्प लेकर चलना है. पार्टी को बूथ स्तर पर मजबूत बनाया जा रहा है. इस बैठक में अनुज कुमार दूबे, बसंत कुमार, दीपक कुमार व धीरज कुमार आदि मौजूद थे.
