औरंगाबाद (ग्रामीण) : जिला मुख्यालय में विभिन्न सड़क दुर्घटनाओं में तीन मजदूर सहित 11 लोग जख्मी हो गये. सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में कराया गया. एनएच-139 पर चतरा मोड़ के समीप मंगलवार की रात अज्ञात वाहन से कुचल कर शंभु कुमार निवासी चिड़िनिया, जिला गया, अजीत कुमार निवासी तेंदुआ गनपत, सुखाड़ी राम निवासी मड़वा, थाना छतरपुर,जिला पलामू गंभीर रूप से जख्मी हो गये.
तीनों औरंगाबाद से मजदूरी कर शाम के वक्त एक ही साइकिल पर सवार होकर तेंदुआ गनपत गांव जा रहे थे. चतरा मोड़ के समीप एक अज्ञात वाहन ने साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी. अस्पताल के चिकित्सकों ने सुखाड़ी राम व शंभु कुमार की स्थिति गंभीर देखते हुए मगध मेडिकल कॉलेज, गया रेफर कर दिया. घटना की सूचना पाकर खैरा पंचायत के मुखिया पिंटू सिंह अस्पताल पहुंचे और घायलों को सहयोग किया. बारुण थाना क्षेत्र के टेंगरा गांव के समीप दूसरी घटना में राजकुमार खुराना जख्मी हो गये.
