औरंगाबाद (ग्रामीण) : उत्तर कोयल नहर से करमा वितरणी में पानी नहीं दिये जाने को लेकर सैकड़ों किसानों ने एनएच 139 को जाम कर सिंचाई विभाग के विरुद्ध प्रदर्शन किया. सरकार विरोधी नारे लगाये और जिला प्रशासन से किसानों को अविलंब पानी देने की मांग की.
मंगलवार को सिलाड़, पवई, चतरा, धरमपुर, नगहारा, भैरवपुर, तिताई बिगहा, भरकुर, रपुरा, भरथौली, चलमी, भलुआरा, चौकना गांव के दर्जनों किसान चतरा मोड़ पहुंचे और सड़क को जाम कर दिया. किसान अरविंद कुमार सिंह, पूर्व मुखिया शैलेंद्र कुमार दूबे, रामरूप सिंह, मृत्युंजय कुमार सिंह, मिथिलेश यादव, महेंद्र सिंह व अन्य किसानों का कहना था कि करमा वितरणी में पिछले 10 दिनों से विभाग द्वारा पानी नहीं दिया जा रहा है. वितरणी में पानी एक-दो घंटे के लिए छोड़ा भी गया तो उसका लाभ किसानों को नहीं मिला.
फॉल नंबर-एक में अवैध दीवार का निर्माण कराया गया है. इस वजह से पानी किसानों को नहीं मिल रहा है. अधिकारी मनमानी कर रहे हैं. उन्हें खेतों में उभरे दरार नजर नहीं आ रहा है. इस संबंध में जब कार्यपालक अभियंता से बात की जाती है तो सिर्फ किसानों को आश्वासन देते हैं, लेकिन नहर में पानी नहीं दिया जा रहा है. राजद के प्रदेश महासचिव सुबोध कुमार सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन व सिंचाई विभाग के बीच तालमेल की कमी के कारण किसानों को पानी नहीं मिल रहा है.
अब स्थिति यह है कि फसल सूखने के कगार पर पहुंच गया है. इधर चार घंटे के बाद इसकी सूचना पाकर जिलाधिकारी ने मुख्य अभियंता को बुला कर उनसे वार्ता की. इसके बाद अंबा डिवीजन के कार्यपालक अभियंता जाम स्थल पहुंचे और किसानों को लिखित आश्वासन दिया कि पांच-पांच दिनों की तातिल व्यवस्था के तहत पानी दिया जायेगा, तब जाकर किसानों का आक्रोश ठंडा पड़ा.
