औरंगाबाद (कोर्ट) : शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की संकट गहरा गयी है. पर पीएचइडी विभाग द्वारा कोई पहल नहीं की जा रही है कि लोगों को इस समस्या से निजात मिल सके. इस समस्या से मुक्ति दिलाने की मांग जिला परिषद के पूर्व अध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप नारायण सिंह ने की है. उन्होंने जिलाधिकारी को एक आवेदन देते हुए जल्द से जल्द इस संकट को दूर करने के लिए उचित कार्रवाई करने को कहा है. दिये गये आवेदन में पूर्व अध्यक्ष ने कहा है कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पीने का पानी की समस्या उत्पन्न हो गयी है.
अभी बरसात आने में लगभग दो महीने हैं और अधिकांश चापाकल भी खराब हो गये हैं. इसके बावजूद पीएचइडी के पदाधिकारियों का ध्यान इस ओर नहीं है और लोग पानी की किल्लत से त्रस्त हैं. लोगों को पानी के लिए दूर-दूर जाना पड़ रहा है. शहर के कई मुहल्लों एवं ग्रामीण इलाकों में जल स्तर काफी नीचे खिसक गया है, जिससे अधिकांश चापाकल बंद पड़ गये हैं. पूर्व अध्यक्ष ने अतिशीघ्र इस समस्या से निजात दिलाने की मांग की है.
