कोचिंग क्लास में छात्र के बैग से स्मार्ट वॉच चोरी, गेट बंद कर हुई तलाशी; मची अफरा-तफरी

Arwal News कोचिंग संचालक ने सभी छात्राओं को बाहर निकाला और उनकी छुट्टी कर दी. इसके बाद कोचिंग का मुख्य गेट अंदर से बंद करके सभी छात्रों की बैग की तलाशी ली गई. हालांकि कोई सुराग नहीं मिला.

Arwal News :  वंशी थाना क्षेत्र के इमामगंज पुरानी बाजार स्थित एक अंग्रेजी कोचिंग क्लास में उस समय अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब क्लास करने आए एक छात्र के बैग से कीमती स्मार्ट वॉच चोरी हो गई. पीड़ित छात्र स्थानीय निवासी गोविंद कुमार का भांजा बताया जाता है, जिसकी घड़ी की कीमत करीब 5500 रुपये थी.

शिकायत मिलते ही संचालक ने बंद कराया गेट

छात्र को जैसे ही अपने बैग से घड़ी गायब होने का अहसास हुआ, उसने तुरंत इसकी शिकायत कोचिंग संचालक से की. चोरी की बात सामने आते ही क्लासरूम में खलबली मच गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए कोचिंग संचालक ने तुरंत एक अनोखा कदम उठाया. उन्होंने सबसे पहले कोचिंग क्लास में मौजूद सभी छात्राओं (लड़कियों) को बाहर निकाला और उनकी छुट्टी कर दी. इसके बाद कोचिंग का मुख्य गेट अंदर से बंद कर दिया गया.

एक-एक छात्र के बैग की हुई बारीकी से तलाशी

गेट बंद करने के बाद कोचिंग संचालक और स्टाफ ने क्लास में मौजूद एक-एक छात्र के बैग को खंगालना शुरू किया. चोर को पकड़ने के लिए सभी बच्चों के बैग की काफी बारीकी से खोजबीन की गई, ताकि चोरी गई घड़ी को बरामद किया जा सके.

नहीं मिला कोई सुराग

घंटों चली इस गहन तलाशी के बावजूद किसी भी छात्र के बैग से स्मार्ट वॉच बरामद नहीं हो सकी. आशंका जताई जा रही है कि तलाशी शुरू होने से पहले ही या तो घड़ी को कहीं छिपा दिया गया या फिर कोई शातिर पहले ही उसे लेकर चंपत हो चुका था. कोचिंग क्लास जैसे सुरक्षित माने जाने वाले स्थान पर हुई इस चोरी की घटना के बाद से अन्य छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में अपने सामान की सुरक्षा को लेकर चिंता है.

ALSO READ: यात्रियों के लिए बड़ी राहत, पटना-झाझा रूट से नई दिल्ली और हावड़ा के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Rajeev Kumar

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >