अरवल में 17 सितंबर से चलेगा 'सेवा संकल्प अभियान': डीएम ने की कायाकल्प योजना की समीक्षा, दीप प्रज्वलन से यात्रा तक होंगे बड़े कार्यक्रम

अरवल में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलेगा. डीएम ने बैठक कर योजनाओं के सफल क्रियान्वयन और जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.

Arwal News: जिले में प्रशासनिक संवेदनशीलता और जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आगामी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक 'सेवा संकल्प अभियान' चलाया जाएगा. इस विशेष अभियान और 'कायाकल्प योजना' के प्रभावी व समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर जिलाधिकारी अमृषा बैंस की अध्यक्षता में समाहरणालय में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में उप विकास आयुक्त शैलेश कुमार सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रखंड स्तरीय अधिकारी जुड़े रहे, जिन्हें आपसी समन्वय से अभियान को सफल बनाने के कड़े निर्देश दिए गए.

'आशीर्वाद का दीया' से लेकर 'सेवा ज्योति यात्रा' तक, तय हुईं प्रमुख गतिविधियां

महीने भर चलने वाले इस अभियान के तहत व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कई नवाचारी कार्यक्रम तय किए गए हैं. 'आशीर्वाद का दीया' के अंतर्गत योजनाओं के लाभार्थियों को दीप प्रज्वलन के लिए आमंत्रित किया जाएगा, जिसमें नगर निकाय, पीडीएस डीलर, स्वास्थ्य उपकेंद्र और पंचायत सरकार भवन शामिल होंगे. इसके अलावा 'सेवा चित्र' के तहत स्कूलों व कॉलेजों में चित्रकला व भाषण प्रतियोगिताएं, 'सेवा स्मरण' के माध्यम से योजनाओं की नाट्य प्रस्तुतियां, 'आंगन का मिलन' में आंगनबाड़ी कर्मियों का सम्मान तथा 'कहानी बदलाव की' के तहत सफल लाभार्थियों की प्रेरक कहानियां वीडियो व रील्स के जरिए साझा की जाएंगी. वहीं, ग्राम पंचायत से जिला स्तर तक 'सेवा ज्योति यात्रा' निकालकर जनजागरूकता फैलाई जाएगी.

कायाकल्प योजना: बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने और त्वरित प्रभाव वाले कार्यों पर जोर

अभियान की तैयारियों के साथ-साथ जिलाधिकारी ने जिले में 'कायाकल्प योजना' के तहत प्रस्तावित एवं चयनित विकास कार्यों की प्रगति की भी विस्तृत समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना के तहत केवल उन्हीं कार्यों को प्राथमिकता दी जाए जो सीधे तौर पर व्यवहार्य हों और जिनका प्रभाव आम जनता पर तुरंत दिखे. इसके अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए सामुदायिक भवन, सार्वजनिक शौचालय, आंगनबाड़ी केंद्र, स्कूलों की चहारदीवारी, अतिरिक्त वर्ग कक्ष, रसोईघर तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण और जीर्णोद्धार कार्यों को तेजी से पूरा करने का आदेश दिया गया.

प्रशासन और जनता के बीच सहभागिता मजबूत करना मुख्य ध्येय: डीएम अमृषा बैंस

अभियान की रूपरेखा और उद्देश्य को स्पष्ट करते हुए जिलाधिकारी अमृषा बैंस ने कहा, "सेवा संकल्प अभियान का मुख्य उद्देश्य सेवा, सामाजिक सहभागिता और जनकल्याण की भावना को सशक्त करते हुए सरकार की तमाम कल्याणकारी योजनाओं के प्रति आमजनों में जागरूकता बढ़ाना है. इससे प्रशासन और जनता के बीच परस्पर विश्वास व सहभागिता और अधिक मजबूत होगी. सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ समय पर अपनी तैयारियां पूरी करें और योजनाओं का धरातल पर पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति को इसका सीधा लाभ मिल सके."

Also Read: अरवल में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन, 220 मुकदमों का हुआ निपटारा

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By निशिकांत सिंह

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >