अरवल के 24 शैक्षणिक संस्थानों में 25 अगस्त को आयोजित होगा प्रथम विद्यार्थी सहयोग शिविर

अरवल जिले में 25 अगस्त को प्रथम विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा. इसका उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक समस्याओं का समाधान और शिक्षा व्यवस्था में सुधार करना है. शिविरों में प्राप्त सुझावों पर विभागीय स्तर से कार्रवाई की जाएगी.

Arwal News : अरवल जिले के विद्यार्थियों की शैक्षणिक समस्याओं एवं शिकायतों के प्रभावी समाधान तथा शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए सुझाव प्राप्त करने के उद्देश्य से जिले में प्रथम विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन 25 अगस्त को किया जाएगा.

जिले के 24 जगहों पर चल रही तैयारियां

जिले के विभिन्न प्रखंडों में स्थित कुल 24 सरकारी शैक्षणिक संस्थानों एवं छात्रावासों में आयोजित होने वाले इन शिविरों के सफल आयोजन को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं. विद्यार्थियों के हित में राज्य सरकार की इस महत्वपूर्ण पहल के तहत प्रत्येक माह के चतुर्थ मंगलवार को विद्यार्थी सहयोग शिविर आयोजित किया जाएगा. यदि चतुर्थ मंगलवार को अवकाश रहता है, तो शिविर का आयोजन अगले कार्य दिवस में किया जाएगा.

शिविर में अपनी शैक्षणिक समस्याओं दर्ज करा सकेंगे

सबका सम्मान, जीवन आसान के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए यह पहल विद्यार्थियों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. विद्यार्थी सहयोग शिविर में विद्यार्थी अपनी शैक्षणिक समस्याओं एवं शिकायतों को दर्ज करा सकेंगे. इनमें समय पर कक्षाओं का संचालन नहीं होना, शिक्षकों का समय पर कक्षा में नहीं पहुंचना अथवा अनुपस्थित रहना, समय पर परीक्षा का आयोजन नहीं होना, परीक्षाफल का समय पर प्रकाशन नहीं होना, अनधिकृत शुल्क की वसूली, बिजली, बैठने की व्यवस्था, प्रयोगशाला, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, कोचिंग से संबंधित समस्याएं तथा अन्य शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाओं से संबंधित शिकायतें शामिल हैं.

सुझावों पर विगाीय स्तर से कार्रवाई होगी

विद्यार्थियों द्वारा शिकायत एवं सुझाव विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के माध्यम से भी दर्ज किए जा सकेंगे. संबंधित शैक्षणिक संस्थानों एवं छात्रावासों के वास्तविक विद्यार्थी ही पोर्टल पर निबंधन कर सकेंगे. शिविर एवं पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों एवं सुझावों को संबंधित विभाग द्वारा समेकित किया जाएगा. तथा उपलब्ध योजनाओं के अंतर्गत लागू किए जा सकने वाले सुझावों पर विभागीय स्तर से आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

प्रत्येक केंद्रों पर पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गयी

अरवल जिले में प्रथम विद्यार्थी सहयोग शिविर के सफल संचालन एवं पर्यवेक्षण के लिए प्रत्येक केंद्र पर आवश्यकतानुसार प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है. प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि शिविरों का समय पर संचालन सुनिश्चित करने के साथ-साथ प्राप्त सभी परिवादों को उसी दिन विद्यार्थी सहयोग शिविर पोर्टल पर अपलोड कराना सुनिश्चित करें.

जिलास्तरीय पदाधिकारी शिविर का निरीक्षण करेंगे

सभी शिविर केंद्रों पर इंटरनेट, कंप्यूटर एवं अन्य आवश्यक सामग्रियों की व्यवस्था की जा रही है. जिला शिक्षा पदाधिकारी संबंधित संस्थानों के प्राचार्यों एवं अन्य पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर शिविरों का सफल आयोजन सुनिश्चित करेंगे. जिला स्तरीय पदाधिकारी द्वारा शिविरों का निरीक्षण एवं पर्यवेक्षण किया जाएगा तथा आयोजन के दिन समेकित प्रतिवेदन उपलब्ध कराया जाएगा.

सभी प्रखंडों के वरीय प्रभारी पदाधिकारी भी अपने प्रभार क्षेत्र में आयोजित विद्यार्थी सहयोग शिविरों का भ्रमण कर शिविरों के समय पर प्रारंभ होने एवं सुचारू संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे.

तीस दिन के भीतर शिकातयों का निष्पादन

विद्यार्थी सहयोग शिविर में प्राप्त शिकायतों का अंतिम निष्पादन निर्धारित प्रक्रिया एवं मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार अधिकतम 30 दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा. निस्तारित शिकायत से असंतुष्ट विद्यार्थी निर्धारित प्रक्रिया के तहत राज्य स्तरीय सहयोग कार्यक्रम में भी अपनी बात रखने का अवसर प्राप्त कर सकेंगे.

25 अगस्त को आयोजित होने वाले प्रथम विद्यार्थी सहयोग शिविर का सफल, सुचारू एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By निशिकांत सिंह

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >