Bihar News: अरवल में भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के बीच सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुर्था में पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं रहने से मरीजों और उनके परिजनों की मुश्किलें बढ़ गई हैं. इलाज कराने आने वाले लोगों को अस्पताल परिसर में पीने का साफ पानी नहीं मिल पा रहा है, जिसके कारण उन्हें इधर-उधर भटकना पड़ रहा है.
15 दिनों से खराब पड़ा है आरओ मशीन
जानकारी के अनुसार, अस्पताल में लगा आरओ मशीन पिछले करीब 15 दिनों से खराब पड़ा हुआ है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि अब तक इसे ठीक कराने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है. गर्मी बढ़ने के साथ स्थिति और गंभीर होती जा रही है। मरीजों को मजबूरी में बाजार से बोतलबंद पानी खरीदना पड़ रहा है, जबकि कुछ लोग आसपास के घरों से पानी लाकर प्यास बुझा रहे हैं.
दो चापाकल भी नहीं दे पा रहे पर्याप्त पानी
अस्पताल परिसर में दो चापाकल मौजूद हैं, लेकिन दोनों से पर्याप्त पानी नहीं निकल रहा है. इससे अस्पताल में भर्ती मरीजों, उनके परिजनों और अन्य लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है. लोगों का कहना है कि अस्पताल जैसी जरूरी जगह पर पेयजल की ऐसी स्थिति बेहद चिंताजनक है.
भीषण गर्मी में बढ़ी मुश्किलें
गर्मी के कारण अस्पताल में आने वाले मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है. ऐसे में साफ पेयजल की कमी लोगों की परेशानी को और बढ़ा रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान करना चाहिए.
स्थायी व्यवस्था की उठी मांग
मरीजों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल प्रशासन से आरओ मशीन को जल्द ठीक कराने और स्थायी पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि अस्पताल में पानी जैसी बुनियादी सुविधा की कमी प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाती है.
Also Read: हाजीपुर में सफाई व्यवस्था की खुली पोल, खुले नाले और गंदगी से बेहाल हुए लोग
