Arwal News : कुर्था स्थानीय प्रखंड क्षेत्र के कुर्था बीच बाजार में नगर पंचायत द्वारा उमस भरी गर्मी को देखते हुए पेयजल की व्यवस्था के लिए स्टैंड लगाए गए थे. पहले दिन तो वहां पानी की व्यवस्था की गई थी, लेकिन दूसरे दिन स्थिति पूरी तरह बदल गयी और सिर्फ पेयजल स्टैंड व चेन लगी स्टील के गिलास ही नजर आए, जबकि पानी का कहीं कोई अता-पता नहीं था.
पेयजल नहीं मिलने से स्थानीयों में आक्रोश
इस स्थिति को देखकर स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गयी. लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन पर आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि जब पेयजल की नियमित व्यवस्था ही नहीं करनी थी तो सिर्फ प्रचार के लिए स्टैंड क्यों लगाया गया. ग्रामीणों का कहना है कि इस भीषण उमस भरी गर्मी में बाजार आने वाले लोगों को पानी की भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है. कई बार लोगों को दुकानों से पानी मांगना पड़ता है, जहां खरीदारी करने पर ही पानी उपलब्ध कराया जाता है.
कार्यपालक पदाधिकारी से नहीं हो पाया संपर्क
स्थानीय लोगों ने बताया कि पहले दिन पेयजल स्टैंड देखकर वे काफी खुश थे, लेकिन दूसरे ही दिन पानी गायब हो जाने से उन्हें निराशा हुई. लोगों का कहना है कि यह व्यवस्था सिर्फ दिखावा बनकर रह गयी है. हालांकि इस मामले में कुर्था नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका.
Also Read : बक्सर में अज्ञात शरारती तत्वों ने फूंकी बस, पुलिस कर रही जाँच
