अरवल : जिला पदाधिकारी सतीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में सभी प्रभारी पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की गयी. इसमें तीन स्तरीय जांच टीम को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने का निर्देश दिया गया. उन्होंने कहा कि जन वितरण प्रणाली और एमडीएम की जांच करने के लिए त्रिस्तरीय टीम का गठन किया गया है. इसके लिए पदाधिकारियों को प्रभार दिया गया है. निष्ठापूर्वक एवं सतर्कता के साथ करने का निर्देश दिया गया. जांच रिपोर्ट को एक सप्ताह के अंदर अध्ययन कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया.
सभी जांच पदाधिकारी को प्रपत्र में जांच करने का निर्देश दिया गया. जांच के दौरान गड़बड़ी पाये जाने वाले लोगों के विरोध कठोर कार्रवाई करने के लिए कहा गया. मनरेगा योजना को भी टीम बनाकर जांच करने की बात कही गयी. उन्होंने बताया कि आये दिन आम लोगों के द्वारा योजनाओं में गड़बड़ी की शिकायत की जाती है.
इसकी सघन जांच पड़ताल कर उचित कार्रवाई की जायेगी. बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने कहा कि त्रिस्तरीय टीम में प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों को भी जिम्मेदारी सौंपी गयी है. इसमें कोताही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जायेगी. बैठक में भू-अर्जन पदाधिकारी अशोक कुमार, पंचायती राज पदाधिकारी गणेश कुमार, डीसीएलआर राकेश कुमार, डीएसओ सुधीर कुमार, जिला योजना पदाधिकारी राजीव कुमार के अलावा अन्य पदाधिकारी मौजूद थे.
