भोजपुर: जगदीशपुर में पैसे के विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या; दोस्तों ने चाय दुकान पर सीने में मारी गोली, नयका टोला मोड़ पर आगजनी व सड़क जाम

भोजपुर जिले में पैसे के लेन-देन के विवाद में दोस्तों ने 20 वर्षीय युवक अभय कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया.

Arrah News: भोजपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत आरा-मोहनिया नेशनल हाईवे के समीप तेंदुनी गांव मोड़ पर गुरुवार की देर रात खूनी खेल सामने आया. पैसे के लेन-देन और आपसी बंटवारे के विवाद में दोस्तों ने ही 20 वर्षीय युवक अभय कुमार के सीने में सटाकर गोली मार दी. गोली लगते ही युवक जमीन पर गिरकर तड़पने लगा. गंभीर हालत में परिजन उसे इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया. पोस्टमार्टम के दौरान चिकित्सकों ने मृतक के शव से एक बुलेट बरामद की है.

नयका टोला मोड़ पर टायर जलाकर किया सड़क जाम, आवागमन ठप

घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर जगदीशपुर के नयका टोला मोड़ पर आगजनी कर सड़क जाम कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने बीच सड़क पर टायर जलाकर आग लगा दी और यातायात को पूरी तरह रोक दिया. करीब एक घंटे तक चले इस विरोध प्रदर्शन के चलते हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासनिक पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आक्रोशित भीड़ को शांत कराकर जाम हटवाया. उधर, सूचना मिलने पर मुख्यालय डीएसपी मनोज कुमार और नगर थानाध्यक्ष देवराज राय सदल-बल सदर अस्पताल पहुंचे और परिजनों से घटना की विस्तृत जानकारी ली.

घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम किया।| Prabhat Khabar Network

मां ने पांच पर कराई नामजद प्राथमिकी, चाय दुकान पर हुआ था विवाद

मृतक की पहचान जगदीशपुर नगर स्थित विशेन टोला (वार्ड संख्या-12) निवासी मनोज यादव के 20 वर्षीय पुत्र अभय कुमार के रूप में हुई है. घटना के संबंध में मृतक के साथी सुशांत कुमार ने बताया कि वे लोग तेंदुनी मोड़ पर एक दुकान पर चाय पीने गए थे, जहां आरोपी पक्ष के युवकों से कहासुनी हो गई. विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए देसी कट्टा निकाला और अभय के सीने में गोली दाग दी.

मामले में मृतक की मां पूनम देवी के बयान पर गांव के ही मनीष, राजा समेत पांच लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, आरोपी उसे घर से बुलाकर ले गए थे और सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया.

परिजनों से बातचीत करते हुए पुलिस पदाधिकारी | Prabhat Khabar Network

क्रॉस मोबाइल के जवानों से सरकारी पिस्टल लूटने में जा चुका था जेल

मृतक अभय कुमार का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है. 13 दिसंबर 2024 को जगदीशपुर थाना क्षेत्र में आरा-मोहनिया नेशनल हाईवे स्थित जियो पेट्रोल पंप के पास वाहन चेकिंग के दौरान अभय कुमार और उसके साथियों ने क्रॉस मोबाइल के तीन पुलिस जवानों पर हमला कर दिया था. इस दौरान जवानों के साथ जमकर मारपीट की गई थी और एक सिपाही की सरकारी सर्विस पिस्टल लूट ली गई थी. उस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर अभय सहित आठ अपराधियों को लूटी गई पिस्टल के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा था. वह कुछ ही समय पूर्व जमानत पर जेल से बाहर आया था.

घटना की पड़ताल करते हुए पुलिस पदाधिकारी | Prabhat Khabar Network

आपसी विवाद और पैसे के बंटवारे में हत्या: पुलिस अधीक्षक (कोट)

"मृतक अभय कुमार और नामजद आरोपी आपस में गहरे दोस्त थे और पूर्व में कई आपराधिक घटनाओं को मिलकर अंजाम दे चुके थे. प्राथमिक जांच में पैसे के बंटवारे को लेकर उपजे आपसी विवाद में हत्या की बात सामने आई है. पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. घटना में शामिल सभी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है." अवधेश दीक्षित, पुलिस अधीक्षक (SP), भोजपुर

मृतक अपने दो भाइयों और एक बहन में दूसरे स्थान पर था. उसकी मौत के बाद मां पूनम देवी, भाई अमित कुमार और बहन रितु कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है.

Also Read: भोजपुर: बड़हरा में गंगा के उफान से सिन्हा थाना परिसर में घुसा बाढ़ का पानी; छत व ऊंचे स्थानों पर पहुंचे पुलिसकर्मी, नाव से जारी है गश्त

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मोहम्मद वसीम

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >