पटना-बक्सर फोरलेन एनएच के कोईलवर थाना क्षेत्र स्थित कुल्हड़ियां टोल प्लाजा पर शुक्रवार की देर रात कुछ लोगों द्वारा बिना टोल दिए वाहनों को जबरन पार कराने का मामला सामने आया है.
इस दौरान विरोध करने पर टोलकर्मियों के साथ मारपीट और टोल प्लाजा पर तोड़फोड़ किए जाने का आरोप लगाया गया है. इस पूरे मामले को लेकर टोल प्लाजा के मैनेजर ने कोईलवर थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है.
मैनेजर द्वारा दिए गए आवेदन में लगाए गए आरोप
दिए गए आवेदन के अनुसार, गोपालगंज जिले के फुलवरिया थाना क्षेत्र निवासी तथा वर्तमान में कुल्हड़ियां टोल प्लाजा पर मैनेजर के पद पर कार्यरत रामेश्वर शर्मा ने बताया कि गुरुवार-शुक्रवार की आधी रात करीब 12:05 बजे कुल्हड़ियां गांव निवासी मुन्ना यादव अपने 10-12 अन्य साथियों के साथ टोल प्लाजा पहुंचे.
आरोप है कि सभी लोग कुछ वाहनों को बिना टोल शुल्क दिए जबरन पार कराने लगे. टोलकर्मियों द्वारा इसका विरोध करने पर आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की. इसके बाद जबरन वाहनों को टोल पार करा दिया.
टोल प्लाजा पर तोड़फोड़ और धमकी देने का मामला
आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपितों ने टोल प्लाजा के बने कमरे की खिड़की-दरवाजे के शीशे तथा लाइट-बत्ती को भी क्षतिग्रस्त कर दिया. जाते समय आरोपितों ने भविष्य में भी बिना टोल दिए वाहन पार कराने और विरोध करने पर फिर मारपीट करने की धमकी दी.
इस घटना के बाद टोल प्लाजा प्रबंधन ने मुन्ना यादव सहित 10-12 अज्ञात लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
थानाध्यक्ष का बयान और पुलिस जांच
इस संबंध में थानाध्यक्ष नरोत्तमचंद्र ने बताया कि टोल प्रबंधन द्वारा घटना को लेकर आवेदन दर्ज कराया गया है. पुलिस घटना के समय का सीसीटीवी फुटेज और अन्य मानवीय एवं तकनीकी तंत्र के सहारे मामले की जांच में जुट गई है.
Also Read : डीडीयू रेल मंडल में ट्रैफिक विभाग के 44 रेलकर्मियों का तबादला, गया जंक्शन के कई अधिकारी भी बदले
