ट्रक ने बाइक सवार युवक को रौंदा, मौके पर मौत
पीरो एसडीपीओ कृष्ण कुमार के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस घटनास्थल पर कर रही कैंप
आरा/ सहार.
सहार थाना क्षेत्र के खैरा बाजार पर ट्रक की चपेट में आने के कारण मोटरसाइकिल सवार युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. घटना से आक्रोशित भीड़ ने शव के साथ सड़क जाम कर दी. वहीं सड़क किनारे खड़े दर्जनों वाहनों पर रोड़ेबाजी कर शीशा क्षतिग्रस्त कर दिया. सूचना पाकर पीरो एसडीपीओ कृष्ण कुमार सिंह सहित कई थानें की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहें. जानकारी के अनुसार मृत छात्र सहार थाना क्षेत्र के पेरहाप निवासी छात्र डाॅ विवेकानंद राय का 18 वर्षीय पुत्र हर्षित कुमार है. वह यूपी के इलाहाबाद में इंटर की पढ़ाई कर रहा था. वह घर पर कोई कागज बनवाने को लेकर आया था. शुक्रवार की दोपहर वह मां को लेकर घर जाने के लिए खैरा आ रहा था. उसी दौरान लगभग दोपहर एक बजे पीछे से आ रहे अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आ गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. इसके बाद ग्रामीणों के द्वारा शव के साथ सड़क जाम कर दी गयी. वहीं आक्रोशित ग्रामीणों ने दर्जनों वाहनों में तोड़ फोड़ किया. वहीं घटनास्थल पर पीरो एसडीपीओ कृष्ण कुमार सिंह के साथ कई थाना की पुलिस कैंप कर रही है. बताया जाता है कि मृतक दो भाई में छोटा था. बड़ा भाई संजय कुमार, मां विभा देवी की रो- रोकर बुरी हाल था.