Bihar Crime News: बिहार के आरा स्थित सदर अस्पताल से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां मेहनताना मांगना एक सफाईकर्मी को महंगा पड़ गया. दाढ़ी बनाने के बाद पैसे मांगने पर अस्पताल में तैनात एक सुरक्षा गार्ड ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी. घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ चुका है.
मेहनत का हक मांगने पर हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित नवनीत ठाकुर अस्पताल में सफाईकर्मी के रूप में काम करते हैं, लेकिन साथ ही वे दाढ़ी बनाने का काम भी करते हैं. कुछ दिन पहले उन्हें अस्पताल परिसर में ही कुछ लोगों ने दाढ़ी बनाने के लिए बुलाया था.
नवनीत दूर से खर्च करके मौके पर पहुंचे और दो लोगों की दाढ़ी बनाई. जब मेहनताना देने की बारी आई, तो उन्हें तय से कम पैसे दिए जा रहे थे. इस पर उन्होंने 40-50 रुपये देने की बात कही, जिससे वहां मौजूद लोगों के साथ उनकी बहस हो गई.
रंजिश में गार्ड ने की पिटाई
पीड़ित का आरोप है कि इसी विवाद की रंजिश में बाद में अस्पताल परिसर में उनके साथ मारपीट की गई. वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सदर अस्पताल का एक सुरक्षा गार्ड उन्हें डंडे से पीट रहा है, जबकि आसपास खड़े लोग तमाशबीन बने हुए हैं.
वीडियो वायरल, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि अस्पताल जैसी संवेदनशील जगह पर इस तरह की घटनाएं डर और असुरक्षा का माहौल बनाती हैं.
दोषी गार्ड पर हुई कार्रवाई
मामले ने तूल पकड़ा तो सुरक्षा कंपनी ने तुरंत एक्शन लेते हुए आरोपी गार्ड को नौकरी से निकाल दिया. कंपनी की ओर से चिकित्सा अधीक्षक को पत्र लिखकर इस कार्रवाई की जानकारी भी दे दी गई है.
प्रशासन की चुप्पी, न्याय का इंतजार
हालांकि, इस पूरे मामले में अब तक अस्पताल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि क्या पीड़ित को न्याय मिलेगा और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग पाएगी.
Also Read: बिहार के इस जिले में बनेगा राज्य का पहला ‘फ्लाइंग ट्रेनिंग हब’, एसीआई टीम ने किया निरीक्षण
