आरा. मंत्री, श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण, युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग सह प्रभारी मंत्री, भोजपुर अरुण शंकर प्रसाद की उपस्थिति में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत किये जाने वाले कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गयी. बैठक में सांसद सुदामा प्रसाद, विधायक महेश पासवान, राधाचरण साह, विधान पार्षद जीवन कुमार, जिला परिषद अध्यक्ष एवं महापौर उपस्थित थे.
पीपीटी के माध्यम से अभियान की गतिविधियों की दी जानकारी
कार्यक्रम की शुरुआत जिलाधिकारी मनेश कुमार मीणा द्वारा प्रभारी मंत्री अरुण शंकर प्रसाद का स्वागत कर की गयी. इसके उपरांत उप विकास आयुक्त ने पीपीटी के माध्यम से अभियान के अंतर्गत किये जाने वाले कार्यों, संबंधित नोडल पदाधिकारियों एवं विभिन्न विभागों द्वारा की जाने वाली गतिविधियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी.
सेवा भावना के साथ कार्य करने का निर्देश
मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का मूल उद्देश्य सेवा भाव के साथ कार्य करना है. उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को पूरी प्रतिबद्धता एवं सेवा भावना के साथ अभियान के निर्धारित कार्यों को पूरा करने का निर्देश दिया.
वहीं जिलाधिकारी मनेश कुमार मीणा ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को सेवा संकल्प अभियान के निर्धारित लक्ष्यों एवं मिशन के अनुरूप कार्य करने तथा सभी गतिविधियों का गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने बेहतर समन्वय के साथ निर्धारित कार्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने पर जोर दिया.
पदाधिकारियों ने लिया अभियान को सफल बनाने का संकल्प
बैठक में नगर आयुक्त, उप विकास आयुक्त, सहायक समाहर्ता एवं अन्य सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.
