Arrah News : रोहतास जिले से लहठान राजवाहा में अत्यधिक पानी छोड़े जाने के कारण पीरो अनुमंडल के खननीकलां, जमुआंव और डोमन डिहरा क्षेत्र के करीब 500 एकड़ खेत जलमग्न हो गए हैं. जलभराव से धान के बिचड़े सड़ने लगे हैं और धनरोपनी का कार्य भी प्रभावित हो गया है. किसानों की शिकायत पर अनुमंडल पदाधिकारी कृष्ण कुमार उपाध्याय ने संबंधित अधिकारियों के साथ संयुक्त निरीक्षण किया.
500 एकड़ खेतों में जलभराव, किसानों की बढ़ी चिंता
निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने बताया कि डोमन डिहरा गांव के आसपास लगभग 400 से 500 एकड़ कृषि भूमि में पानी जमा है. इससे धान की फसल को नुकसान पहुंच रहा है और किसान खेती को लेकर चिंतित हैं.
अतिक्रमण और अधूरी जलनिकासी बनी बड़ी वजह
संयुक्त निरीक्षण में पाया गया कि कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने करहा (जल निकासी मार्ग) का अतिक्रमण कर उसे पाट दिया है. वहीं ग्रामीण कार्य विभाग (RWD) की ओर से बन रही सड़क में पर्याप्त जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने से भी पानी खेतों में जमा हो रहा है.
साइफन से नहीं निकल रहा पानी
एसडीओ ने बताया कि डोमन डिहरा के दाहिनी ओर स्थित खेतों का पानी आरडब्ल्यूडी सड़क में बने साइफन से बाहर नहीं निकल पा रहा है, जबकि बाईं ओर के खेतों में नहर का अतिरिक्त पानी भी पहुंच रहा है. इसी कारण बड़े क्षेत्र में जलभराव की स्थिति बनी हुई है.
स्थायी समाधान के लिए बनेगी कार्ययोजना
एसडीओ कृष्ण कुमार उपाध्याय ने सहायक अभियंता सोन नहर प्रमंडल, रामनगर व पीरो तथा अनुमंडल कृषि पदाधिकारी को विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया है. जिला पदाधिकारी ने भी कार्यपालक अभियंता, ग्रामीण कार्य प्रमंडल पीरो को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. अधिकारियों से कहा गया है कि जरूरत पड़ने पर साइफन की सफाई कराई जाए तथा अतिरिक्त ह्यूम पाइप लगाकर पानी की निकासी सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों को राहत मिल सके.
