Arrah News : लगातार हो रही बारिश के कारण चरपोखरी प्रखंड कार्यालय परिसर में जलजमाव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है. हालात यह हैं कि प्रखंड कार्यालय का मुख्य प्रवेश द्वार तालाब में तब्दील हो गया है और बारिश का पानी कई कार्यालयों के अंदर तक पहुंच गया है. इससे अपने काम के लिए आने वाले किसानों, आवेदकों और आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
करोड़ों खर्च के बाद भी फेल हुई जलनिकासी व्यवस्था
स्थानीय लोगों का कहना है कि पूर्व बीडीओ विभेष आनंद के कार्यकाल में प्रखंड परिसर में जलनिकासी के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च कर नाले और ड्रेनेज सिस्टम का निर्माण कराया गया था. इसके बावजूद हर बारिश में जलजमाव की समस्या सामने आ रही है, जिससे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं.
पक्का नाला नहीं बनने से ग्रामीणों में नाराजगी
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले दो वर्षों से पानी निकासी के नाम पर उनके घरों के सामने जेसीबी से बड़े-बड़े गड्ढे खोद दिए गए, लेकिन स्थायी नाला का निर्माण नहीं कराया गया. पिछले वर्ष पीरो एसडीओ ने पक्का नाला बनवाकर समस्या का स्थायी समाधान करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक उस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई. लोगों का कहना है कि यदि जल्द स्थायी व्यवस्था नहीं की गई तो हर बारिश में यही स्थिति बनी रहेगी और आवागमन के साथ-साथ जनजीवन भी प्रभावित होता रहेगा.
