आरा में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: बुलडोजर एक्शन से खाली हुई सड़क,अतिक्रमणकारियों में मचा हड़कंप

Bihar News: आरा में प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे अवैध रूप से बने मकानों को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया. अभियान के दौरान यह भी सामने आया कि बिजली ट्रांसफार्मर तक को अतिक्रमित कर मकान के अंदर कर लिया गया था.

Bihar News:(नरेन्द्र प्रसाद सिंह) आरा में जिला प्रशासन द्वारा अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाकर सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया. धरहरा से लेकर पासवान चौक तक प्रशासन की टीम ने बुलडोजर चलाकर कई अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया. अभियान की अगुवाई आरा सदर अंचल अधिकारी ने की. इस दौरान नगर निगम की टीम, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी और पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहे.

ट्रांसफार्मर तक को बना लिया था मकान का हिस्सा

कार्रवाई के दौरान प्रशासन को चौंकाने वाली स्थिति देखने को मिली. अधिकारियों के अनुसार कुछ लोगों ने बिजली के ट्रांसफार्मर तक को अतिक्रमित कर मकान के भीतर शामिल कर लिया था. प्रशासन ने इसे सुरक्षा के लिहाज से बेहद गंभीर मामला बताते हुए तत्काल अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई की.

सड़क परियोजना और यातायात सुधार के लिए कार्रवाई

प्रशासन का कहना है कि शहर में बढ़ती यातायात समस्या को देखते हुए सड़क किनारे अतिक्रमण हटाना जरूरी हो गया था. पासवान चौक से धरहरा तक प्रस्तावित सड़क परियोजना को सुचारु रूप से पूरा कराने और आम लोगों को जाम से राहत दिलाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया.

अवैध निर्माण करने वालों को प्रशासन की चेतावनी

जिला प्रशासन ने स्पष्ट कहा है कि सार्वजनिक भूमि और सड़क पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. अधिकारियों ने चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन ने यह भी कहा कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा.

Also Read:बिहार के युवाओं के लिए खुशखबरी: विदेश में रोजगार पाने का सुनहरा मौका, 24 मई तक करें आवेदन

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ragini Shamra

Ragini Shamra is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >