19 साल से फरार हत्या का आरोपित गिरफ्तार, कृष्णागढ़ थाना पुलिस की कार्रवाई

19 वर्षों से फरार चल रहे आरोपित को पुलिस ने किया गिरफ्तार

बड़हरा (आरा). बड़हरा प्रखंड के कृष्णागढ़ थाना पुलिस ने हत्या के एक पुराने मामले में 19 वर्षों से फरार चल रहे आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस की यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर सरैंया बाजार क्षेत्र में की गई छापेमारी के दौरान संभव हो सकी. गिरफ्तार आरोपित की पहचान पद्मीनिया गांव निवासी स्व. दिनेश्वर यादव के पुत्र मनोज यादव के रूप में हुई है. बताया जाता है कि मनोज यादव वर्ष 2007 में हुए एक हत्या के मामले में नामजद अभियुक्त था. घटना के बाद से ही वह लगातार फरार चल रहा था और पुलिस की गिरफ्त से बचता आ रहा था. सूत्रों के अनुसार, आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कई बार उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की, लेकिन वह हर बार पुलिस को चकमा देकर फरार हो जाता था। लंबे समय तक फरार रहने के कारण उसके खिलाफ न्यायालय के आदेश पर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई भी की गई थी. हाल ही में कृष्णागढ़ थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपित सरैंया बाजार क्षेत्र में देखा गया. सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इलाके में छापेमारी की और उसे गिरफ्तार कर लिया. थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. उन्होंने कहा कि लंबे समय से फरार चल रहे अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By DHARMENDRA KUMAR

DHARMENDRA KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >