Arrah News: भीषण गर्मी से तप रहा आरा, पछुआ हवा ने बढ़ाई परेशानी

Arrah News: आरा समेत पूरे भोजपुर जिले में भीषण गर्मी ने लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया. पढिए पूरी खबर

Arrah News:( नरेंद्र प्रसाद सिंह) आरा समेत पूरे भोजपुर जिले में भीषण गर्मी ने लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. पिछले तीन दिनों से आसमान से आग बरस रही है और पछुआ हवा ने लोगों का घर से निकलना मुश्किल कर दिया है. हालत यह है कि पंखों से गर्म हवा निकल रही है, जबकि कूलर भी बेअसर साबित हो रहे हैं. जिले का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पश्चिम दिशा से करीब 13 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही गर्म हवाओं ने लू जैसी स्थिति पैदा कर दी है.

चिलचिलाती धूप और तेज गर्मी से बच्चे एवं बुजुर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं. दोपहर के समय सड़कें सुनसान नजर आ रही हैं और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं. जिलाधिकारी द्वारा भीषण गर्मी को देखते हुए स्कूलों के संचालन समय को लेकर आवश्यक गाइडलाइन जारी की गई है.

पशु-पक्षियों पर भी गर्मी की मार

भीषण गर्मी के कारण ग्रामीण क्षेत्रों के अधिकांश तालाब सूख चुके हैं, जिससे पशुपालकों को काफी परेशानी हो रही है. पशुओं को पानी पिलाने और नहलाने में दिक्कतें बढ़ गई हैं. वहीं पानी की कमी से पक्षियों की हालत भी खराब हो गई है और कई पक्षियों की मौत की खबरें सामने आ रही हैं.

लस्सी, सत्तू और बेल शरबत की बढ़ी मांग

गर्मी से राहत पाने के लिए लोग पारंपरिक पेय पदार्थों का सहारा ले रहे हैं. शहर और गांवों में जगह-जगह सत्तू, बेल का शरबत और लस्सी की दुकानें सज गई हैं. सुबह से शाम तक लोग इन दुकानों पर पहुंचकर गर्मी से राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं। इससे दुकानदारों की आमदनी भी बढ़ रही है।

मिट्टी के घड़े और सुराही की बढ़ी बिक्री

भीषण गर्मी के बीच लोग एक बार फिर पारंपरिक तरीकों की ओर लौट रहे हैं. बाजारों में मिट्टी के घड़े और सुराही की बिक्री बढ़ गई है. लोगों का कहना है कि मिट्टी के बर्तन का पानी प्राकृतिक रूप से ठंडा और स्वास्थ्य के लिए लाभदायक होता है.

सिर पर गमछा रखकर निकल रहे लोग

तेज धूप और लू से बचने के लिए लोग गमछा, तौलिया और छाता का इस्तेमाल कर रहे हैं. अधिकांश लोग सिर और चेहरे को ढककर ही घर से बाहर निकल रहे हैं.

विशेषज्ञों की सलाह

विशेषज्ञों ने लोगों को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक धूप में निकलने से बचने की सलाह दी है. जरूरी होने पर छाता, गीला तौलिया, टोपी और ठंडा पानी साथ रखने की अपील की गई है। साथ ही अधिक से अधिक पानी पीने और हल्के भोजन करने की सलाह दी गई है.

आगामी दिनों में और बढ़ सकती है गर्मी

मौसम विभाग के अनुसार अगले 10 दिनों तक जिले में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ने की संभावना है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Vivek Pandey

Published by: Vivek Ranjan

विवेक पाण्डेय टीवी चैनल के माध्यम से पिछले 6 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हूं . करियर की शुरुआत Network 10 National News Channel से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहा हूं. देश और राज्य की राजनीति, कृषि और शिक्षा में रुचि रखते हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >