Arrah-Ballia Rail Line Project Delay : आरा से बलिया को जोड़ने वाली बहुप्रतीक्षित रेल लाइन परियोजना की रफ्तार धीमी पड़ने से जिले के लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. लंबे समय से इस रेल मार्ग के शुरू होने का इंतजार कर रहे लोगों को अब निराशा हाथ लग रही है. पहले जहां इस प्रोजेक्ट को लेकर तेजी दिखाई दे रही थी, वहीं अब काम में सुस्ती आने से लोगों का भरोसा डगमगाने लगा है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि पूर्व सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री आरके सिंह के कार्यकाल में इस परियोजना पर तेजी से काम हो रहा था, लेकिन अब स्थिति बिल्कुल अलग नजर आ रही है. काम की धीमी गति ने लोगों के बीच आक्रोश का माहौल बना दिया है.
एलाइनमेंट बदलने के प्रस्ताव पर बढ़ा विवाद
इस रेल परियोजना को लेकर एक नया विवाद भी सामने आ गया है. शुरुआती योजना के तहत इस रेल लाइन की शुरुआत आरा के जगजीवन हाल्ट से होनी थी और इसके लिए सर्वे का काम भी पूरा कर लिया गया था. लेकिन अब कुछ लोगों द्वारा इस लाइन को बक्सर के रघुनाथपुर से शुरू करने की मांग उठाई जा रही है.
इस प्रस्ताव का भोजपुर जिले के लोग खुलकर विरोध कर रहे हैं. उनका कहना है कि पहले से तय योजना में बदलाव करने से आरा क्षेत्र के लोगों को नुकसान होगा. ऐसे में अब सभी की नजर सरकार के अंतिम फैसले पर टिकी हुई है कि आखिर इस परियोजना का रूट क्या तय किया जाएगा.
Arrah News : कई अहम प्रक्रियाएं हो चुकी हैं पूरी
हालांकि, इस परियोजना से जुड़े कई महत्वपूर्ण काम पूरे किए जा चुके हैं. रेल लाइन के लिए फाइनल लोकेशन सर्वे और ड्रोन मैपिंग का कार्य पूरा हो चुका है. अब एलाइनमेंट को लेकर जनप्रतिनिधियों और रेलवे अधिकारियों के बीच चर्चा जारी है.
बताया जा रहा है कि सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद इस प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी के लिए रेलवे बोर्ड को भेजा जाएगा. इस रेल लाइन की कुल लंबाई करीब 62 किलोमीटर तय की गई है.
2300 करोड़ की लागत, दूरी में होगी बड़ी कमी
इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर लगभग 2300 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. रेल लाइन बनने के बाद आरा और बलिया के बीच की दूरी करीब 40 किलोमीटर तक कम हो जाएगी, जिससे यात्रा आसान और समय की बचत होगी.
योजना के तहत इस रूट पर 7 नए रेलवे स्टेशनों के निर्माण का प्रस्ताव भी रखा गया है. मूल योजना के अनुसार यह रेल लाइन आरा के जगजीवन हाल्ट से शुरू होकर बक्सर के नैनीजोर होते हुए बलिया तक जाएगी. वहीं, क्षेत्रीय विकास और धार्मिक स्थलों को जोड़ने के उद्देश्य से इसे रघुनाथपुर होकर ले जाने का विकल्प भी सामने आया है.
दियारा क्षेत्र के लोगों को मिलेगी बड़ी राहत
इस परियोजना की सबसे खास बात यह है कि गंगा नदी पर एलिवेटेड पुल के जरिए रेल संपर्क स्थापित किया जाएगा. इससे दियारा क्षेत्र में रहने वाले लाखों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी, जो हर साल बाढ़ और सुखाड़ जैसी समस्याओं से जूझते हैं.
