अमृत भारत एक्सप्रेस में सफर के दौरान युवक की मौत, आरा जंक्शन पर उतारा गया शव

Arrah News : मुंबई से घर लौट रहे मुंगेर के बबलू कुमार सिंह की अमृत भारत एक्सप्रेस में अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई. आरा जंक्शन पर पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

Arrah News : दानापुर-पीडीडीयू रेलखंड पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं आरा जंक्शन के बीच गाड़ी संख्या (11031) अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन में अचानक तबीयत बिगड़ने से मुंगेर निवासी एक युवक की मौत हो गई. घटना को लेकर लोगों के बीच अफरा-तफरी मची रही.

जानकारी के अनुसार, मृतक मुंगेर जिला के बरियारपुर थाना क्षेत्र के तुलसीपुर घोरघट गांव निवासी स्व. धनंजय सिंह का 36 वर्षीय पुत्र बबलू कुमार सिंह है. वह महाराष्ट्र के पनवेल में रहकर प्राइवेट कंपनी में काम करता था.

घर लौटते समय रास्ते में बिगड़ी तबीयत

इधर, मृतक के चचेरे भाई चंदन कुमार सिंह ने बताया कि उसकी तबीयत कुछ दिन पहले थोड़ी खराब हो गई थी. जिसको लेकर वह मंगलवार को मुंबई से अमृत भारत ट्रेन द्वारा वापस घर लौट रहा था. इसी बीच जब उसकी ट्रेन पंडित दीनदयाल उपाध्याय से आगे बढ़ी, तो उसकी तबीयत काफी बिगड़ गई और वह सीट पर सोया रह गया.

इसके बाद आरा रेल पुलिस द्वारा उसके शव को आरा जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर एक पर अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन के चौथे बोगी से उतारा गया और उसके पॉकेट में मिले पहचान पत्रों से पहचान कर इसकी जानकारी उसके परिजनों को दी गई.

पुलिस ने कराया शव का पोस्टमार्टम, परिजनों में कोहराम

सूचना पाकर परिजन आरा रेलवे स्टेशन पहुंचे. तब पुलिस ने शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया. वहीं दूसरी तरफ, मृतक के चचेरे भाई चंदन कुमार सिंह ने हार्ट अटैक आने के कारण उसकी मौत होने की बात कही है. वहीं, पुलिस द्वारा बनाए गए मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट के अनुसार मृतक की मौत यात्रा के दौरान ट्रेन में अचानक तबीयत बिगड़ने से होना प्रतीत होता है. हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा.

बताया जाता है कि मृतक अपने दो भाई व एक बहन में दूसरे स्थान पर था. उसके परिवार में पत्नी रेशमा देवी, दो पुत्री शिवानी कुमारी, श्रेया भारती एवं एक पुत्र शिवम कुमार है. घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया. उसकी पत्नी रेशमा देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.

Also Read : रजौली अनुमंडलीय अस्पताल में जल्द शुरू होगी ICU और वेंटिलेटर सुविधा, विधायक ने बताया ऐतिहासिक सौगात


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Md. Wasim

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >