Bhojpur News : भोजपुर जिला के कोईलवर प्रखंड की गीधा, कुल्हड़िया और जोगता पंचायत में बुधवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के साथ विभिन्न विभागों से जुड़े कुल 128 आवेदन प्राप्त हुए. इनमें सबसे अधिक शिकायतें राजस्व, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड और बिजली बिल में त्रुटियों से संबंधित रहीं.
विभिन्न विभागों के लगाए गए काउंटर
कुल्हड़िया स्थित मानो बैजनाथ प्लस टू विद्यालय परिसर में आयोजित शिविर में प्रखंड विकास पदाधिकारी वीर बहादुर पाठक, पंचायत प्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं. राजस्व, आपूर्ति, सामाजिक सुरक्षा, विद्युत, कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित कई विभागों के अलग-अलग काउंटर लगाए गए, जहां ग्रामीणों ने आवेदन जमा किए और सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की.
भूमि विवाद से लेकर बिजली बिल तक की शिकायतें
ग्रामीणों ने भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, परिमार्जन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड में नाम जोड़ने एवं सुधार, बिजली बिल की गड़बड़ी, प्रमाण पत्र निर्गत करने सहित कई समस्याओं को लेकर आवेदन दिए. कई मामलों में अधिकारियों ने मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए भेज दिया गया.
कुल्हड़िया से सबसे अधिक आवेदन
बीडीओ वीर बहादुर पाठक ने बताया कि कुल्हड़िया पंचायत से 67, गीधा पंचायत से 37 और जोगता पंचायत से 24 आवेदन प्राप्त हुए हैं. सभी आवेदनों का विभागवार निष्पादन कराया जाएगा. उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर लिया भाग
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे. पंचायत प्रतिनिधियों ने लोगों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की.
