युवक को खूंटे से बांधकर पिटाई का वीडियो वायरल, चार नामजद समेत सात-आठ लोगों पर केस दर्ज

अररिया जिले के फारबिसगंज में युवक को खूंटे से बांधकर बेरहमी से पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है. पीड़ित के बयान पर चार नामजद और तीन-चार अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है.

Araria News: अररिया जिले के फारबिसगंज थाना क्षेत्र में युवक को खूंटे से बांधकर मारपीट करने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है. पीड़ित युवक के फर्द बयान पर स्थानीय थाना में चार नामजद और तीन-चार अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. एसडीपीओ राजकिशोर कुमार ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जायेगी.

वीडियो वायरल होते ही हरकत में आई पुलिस

एसडीपीओ ने बताया कि सोशल मीडिया पर मारपीट का वीडियो सामने आते ही फारबिसगंज थाना पुलिस सक्रिय हो गई. थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने पीड़ित युवकों से घटना की जानकारी ली और उनके बयान के आधार पर फारबिसगंज थाना कांड संख्या 489/26 दर्ज किया गया.

चार नामजद, कई अज्ञात आरोपी

दर्ज प्राथमिकी में मटियारी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि प्रदीप देव, मुन्ना गामी, मोनू देव और निक्कू देव को नामजद आरोपी बनाया गया है. इसके अलावा तीन से चार अज्ञात लोगों को भी अभियुक्त बनाया गया है. पुलिस सभी आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है.

चोरी के आरोप में की गई थी मारपीट

पीड़ितों के अनुसार उन पर मसाला पीसने वाली ग्राइंडर मशीन चोरी करने का आरोप लगाया गया. इसके बाद तीनों युवकों को मटियारी पंचायत स्थित मुखिया प्रतिनिधि के कामत पर ले जाकर कथित रूप से खूंटे से बांधकर बेरहमी से मारपीट की गई. घटना का वीडियो वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में आया.

तीन पीड़ितों ने दर्ज कराया बयान

Araria News: एसडीपीओ ने बताया कि पीड़ितों की पहचान विपिन राय, निक्कू राय और सोनू उर्फ चंदू शर्मा के रूप में हुई है. तीनों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By कलीमउद्दीन

कलीमउद्दीन प्रिंट माध्यम में 24 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >