Araria News: भरगामा (अररिया). जिलाधिकारी के निर्देश पर महथावा बाजार स्थित राजकीय डिग्री महाविद्यालय में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए दो चौकीदारों की रात्रि प्रहरी के रूप में प्रतिनियुक्ति की गई है. हालांकि महाविद्यालय परिसर में लंबे समय से जलजमाव की समस्या और विषैले सांपों की मौजूदगी के कारण सुरक्षाकर्मियों को जान जोखिम में डालकर ड्यूटी करनी पड़ रही है.
जलजमाव से सांपों का बढ़ा खतरा
महाविद्यालय परिसर में चारों ओर जलभराव होने के कारण शाम ढलते ही विषैले सांप निकलने लगते हैं. ऐसे में रात्रि ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को पूरी रात दहशत के माहौल में पहरा देना पड़ रहा है. आराम के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें जमीन पर ही लेटना पड़ता है, जिससे खतरा और बढ़ जाता है.
रात्रि प्रहरियों ने बताई परेशानी
महाविद्यालय में प्रतिनियुक्त चौकीदार राजेश पासवान और राजकुमार पासवान ने बताया कि प्रतिदिन शाम से देर रात तक परिसर में कई बार विषैले सांप दिखाई देते हैं. उन्होंने कहा कि जलजमाव के कारण यह स्थिति लगातार बनी हुई है और ड्यूटी के दौरान हर समय जान का खतरा बना रहता है.
स्थानीय लोगों ने उठाई स्थायी समाधान की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि महाविद्यालय परिसर में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण लंबे समय से पानी जमा रहता है. इससे न केवल शैक्षणिक वातावरण प्रभावित हो रहा है, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था भी संकट में पड़ गयी है.
सुरक्षित विश्राम कक्ष की भी मांग
Araria News: ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से महाविद्यालय परिसर से जलजमाव हटाने, नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा रात्रि प्रहरियों के लिए सुरक्षित विश्राम कक्ष और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है. उनका कहना है कि इससे सुरक्षाकर्मी बिना भय के अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकेंगे.
