अररिया शहर में हर रोज लगने वाले भीषण जाम और सड़कों पर बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण आम नागरिकों को हो रही भारी फजीहत को खत्म करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है.
शहर की यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने, अवैध अतिक्रमण पर शिकंजा कसने और सुव्यवस्थित पार्किंग जोन विकसित करने के लिए जिलाधिकारी विनोद दूहन ने खुद कमान संभाल ली है. नगर परिषद के जनप्रतिनिधियों, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ लगातार मैराथन बैठकें कर शहर को जाम-मुक्त बनाने का एक फुल-प्रूफ एक्शन प्लान तैयार किया गया है.
चांदनी चौक से कोसी पुल: सर्विस लेन में एक तरफ बाइक, दूसरी तरफ कारें
प्रशासन द्वारा तैयार किए गए नए ट्रैफिक और पार्किंग प्लान के तहत चांदनी चौक से कोसी पुल तक जाने वाली सर्विस लेन को पूरी तरह सुव्यवस्थित किया जाएगा.
प्रस्तावित खाके के अनुसार सर्विस लेन के एक तरफ केवल दोपहिया वाहनों की कतारबद्ध पार्किंग होगी, जबकि दूसरी तरफ चारपहिया वाहनों को पार्क करने की अनुमति दी जाएगी. पार्किंग स्थलों को स्पष्ट रूप से साइनेज और मार्किंग के जरिए चिह्नित किया जाएगा, जिससे सर्विस लेन में वाहनों के आड़े-तिरछे खड़े रहने की समस्या जड़ से समाप्त हो सकेगी और सामान्य आवागमन में कोई अड़चन नहीं आएगी.
सुभाष चौक से चांदनी चौक तक सख्ती: मुख्य सड़क पर वाहन रोका तो होगी कार्रवाई
शहर के हृदयस्थल सुभाष चौक से लेकर चांदनी चौक तक मुख्य सड़क पर अब वाहनों को खड़ा करने की इजाजत नहीं होगी.
जिलाधिकारी ने पुलिस और परिवहन विभाग के पदाधिकारियों को दो-टूक निर्देश दिया है कि मुख्य सड़क पर अवैध रूप से खड़े किए जाने वाले वाहनों के खिलाफ सघन अभियान चलाकर चालान काटा जाए और आवश्यकता पड़ने पर जब्ती की कार्रवाई की जाए. उन्होंने स्पष्ट किया कि चिन्हित पार्किंग स्थलों के अलावा यदि कहीं भी वाहन मनमाने ढंग से पार्क पाए गए, तो संबंधित वाहन स्वामी पर सख्त कानूनी डंडा चलेगा.
फुटपाथों और सड़कों से अतिक्रमण हटाने का चलेगा सघन अभियान
बैठक के दौरान शहर के मुख्य बाजारों, चौराहों और पैदल पथों पर किए गए अवैध कब्जों की भी गहन समीक्षा की गई. जिलाधिकारी ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी और पुलिस बल को निर्देश दिया कि बिना किसी दबाव के प्रभावी तरीके से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाए.
दुकानों के आगे शेड बढ़ाकर सड़क घेरने वालों, फुटपाथों पर ठेला-खोमचा लगाकर मार्ग अवरुद्ध करने वालों को पहले नोटिस दिया जाएगा और फिर सख्त जब्ती अभियान चलाकर पूरी सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा.
डीएम की जनता से मार्मिक अपील: जनहित में सहयोग करें नागरिक
जिलाधिकारी विनोद दूहन ने अररिया शहरवासियों, व्यापारियों और वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि अतिक्रमण हटाने और सुदृढ़ पार्किंग व्यवस्था लागू करने की यह कवायद पूरी तरह आम जनता के हित में है.
उन्होंने कहा कि जब शहर की सड़कें खुली रहेंगी तो जाम से हर वर्ग को निजात मिलेगी, मरीजों को लेकर निकलने वाली एंबुलेंस को रास्ता मिलेगा और व्यापार भी बढ़ेगा. उन्होंने नागरिकों से अपने वाहनों को केवल तय पार्किंग स्थलों पर ही पार्क करने और प्रशासन के इस महा-अभियान में सक्रिय भागीदार बनने का आह्वान किया.
