नेपाल सीमा पर इंटरनेशनल ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़: थाईलैंड से डाक पार्सल से मंगाया विदेशी गांजा, केरल ले जाने की फिराक में थे तस्कर

अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करों का नया नेटवर्क नेपाल के रास्ते भारत में नशीले पदार्थ पहुंचा रहा है. थाईलैंड से डाक पार्सल के जरिए विदेशी गांजा मंगवाकर उसे केरल ले जाने की योजना का भंडाफोड़ हुआ है. नेपाल नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने धरान से चार तस्करों को रंगे हाथों पकड़ा है.

नेपाल को सुरक्षित ट्रांजिट रूट बनाकर भारत में नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले अंतरराष्ट्रीय ड्रग माफियाओं के नए और चौंकाने वाले नेटवर्क का खुलासा हुआ है. पहले जहां कोकीन और हेरोइन जैसी महंगी ड्रग्स की तस्करी के मामले आते थे, वहीं अब गिरोह थाईलैंड से उच्च गुणवत्ता वाले विदेशी गांजे की खेप को सीमा पार कराकर भारतीय महानगरों में खपाने की साजिश रच रहा है. नेपाल नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने 'कंट्रोल डिलीवरी' ऑपरेशन चलाकर कोशी प्रदेश के धरान से इस सिंडिकेट से जुड़े चार शातिर तस्करों को रंगे हाथ दबोच लिया, जिनमें केरल के दो युवक और दो नेपाली युवतियां शामिल हैं.

काठमांडू डाकघर से इटहरी के लिए बुक हुआ था पार्सल

नेपाल नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के प्रवक्ता दुर्गा राज रेगमी ने बताया कि काठमांडू के डिल्लीबाजार स्थित गोश्वारा डाक कार्यालय में एक संदिग्ध पार्सल पहुंचा था, जिसे इटहरी के पते पर भेजा जाना था. संदेह के आधार पर जब डाक विभाग और नारकोटिक्स विंग ने पार्सल की बारीकी से जांच की, तो उसमें थाईलैंड से एयर कार्गो/पार्सल के जरिए लाया गया 910 ग्राम विदेशी गांजा बरामद हुआ. इसके बाद तस्करों के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने के लिए ब्यूरो ने जाल बिछाते हुए पार्सल को गंतव्य तक जाने दिया.

पार्सल रिसीव करते ही दो युवतियां धरी गईं, कमरे से 1 किलो अतिरिक्त गांजा बरामद

नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के एसएसपी सुबास बोहरा के अनुसार, पार्सल की डिलीवरी लेने पहुंची सुनसरी जिले के धरान उपमहानगर पालिका-15 (मिलनपथ) निवासी 19 वर्षीय जेसिका तामांग और धनकुटा के छथर जोरपाटी निवासी 25 वर्षीय तारा मगर को पुलिस ने मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया. महिला तस्करों की निशानदेही पर जब उनके कमरे की तलाशी ली गई, तो वहां से 1 किलोग्राम अतिरिक्त थाई गांजा बरामद किया गया.

खेप रिसीव करने पहुंचे केरल के दो तस्कर गिरफ्तार

एनसीबी की विराटनगर शाखा और इलाका पुलिस कार्यालय धरान की संयुक्त टीम ने त्वरित घेराबंदी करते हुए इस विदेशी खेप को हासिल करने पहुंचे दो भारतीय नागरिकों को भी धर दबोचा. गिरफ्तार युवकों की पहचान केरल के कन्नूर जिले के पैराला सेरी (वार्ड संख्या 3) निवासी 24 वर्षीय सारोन सुनील तिया और 22 वर्षीय अमल आर के रूप में की गई है. दोनों आरोपियों को हिरासत में रखकर धरान पुलिस गहन पूछताछ कर रही है.

सीमा पार कराकर ट्रेन से केरल ले जाने की थी योजना

प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि तस्करों का इरादा धरान से इस विदेशी गांजे को अररिया के जोगबनी सीमा के रास्ते सड़क मार्ग से भारत में दाखिल कराना था. इसके बाद इसे लंबी दूरी की ट्रेनों के जरिए सीधे केरल और दक्षिण भारत के रेव पार्टियों व बड़े शहरों तक पहुंचाने की पूरी प्लानिंग थी. एसएसपी ने बताया कि कोशी प्रदेश के सीमावर्ती हिस्से में पहली बार थाईलैंड के गांजे की जब्ती हुई है, जिससे स्थानीय धनकुटा गांजा तस्करों और इस विदेशी नेटवर्क के गठजोड़ की कड़ियां खंगाली जा रही हैं.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुदीप भारती

सुदीप भारती प्रिंट माध्यम में 12 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सिकटी (अररिया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >