नेपाल सीमा से सटे सुनसरी में दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प: 1 की मौत, 22 घायल; 5 इलाकों में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लागू

भारत-नेपाल सीमा पर सुनसरी जिले में दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प में एक युवक की मौत हो गई और 22 लोग घायल हो गए. स्थिति को देखते हुए 5 प्रमुख क्षेत्रों में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लागू किया गया है.

भारत-नेपाल सीमा से सटे जोगबनी (अररिया) के पास नेपाल के सुनसरी जिले के देवानगंज ग्रामीण नगरपालिका-3 (कप्तानगंज) में रविवार रात दो समुदायों के बीच भीषण हिंसक झड़प हो गई. झड़प के दौरान हुई गोलीबारी में एक युवक की मौत हो गई, जबकि 13 सुरक्षाकर्मियों समेत 22 लोग घायल हो गए. घटना के बाद बिगड़े हालात को देखते हुए जिला प्रशासन कार्यालय सुनसरी ने 5 प्रमुख क्षेत्रों में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लागू कर दिया है.

झड़प में 1 की मौत, पुलिस इंस्पेक्टर समेत 22 लोग घायल

रविवार रात करीब 10:15 बजे हुई इस घटना ने उग्र रूप ले लिया:

  • युवक की मौत: गोली लगने से देवानगंज-4 निवासी 24 वर्षीय ओम प्रकाश मेहता की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई. (एक अन्य घायल की मौत की चर्चा है, लेकिन नेपाल पुलिस ने पुष्टि नहीं की है).
  • 22 लोग घायल: घटना में 9 नागरिक और 13 सुरक्षाकर्मी घायल हुए हैं. देवानगंज-3 निवासी जयप्रकाश मेहता (20 वर्ष) की हालत गंभीर बनी हुई है. घायलों का इलाज विराटनगर के न्यूरो अस्पताल और विराट नर्सिंग होम में जारी है.
  • सुरक्षाकर्मी चोटिल: घायलों में नेपाल पुलिस के 8 तथा सशस्त्र पुलिस बल (APF) के 5 जवान शामिल हैं. देवानगंज क्षेत्र पुलिस कार्यालय के इंस्पेक्टर राकेश राय के सिर में 5 टांके आए हैं.

इन 5 क्षेत्रों में लागू किया गया अनिश्चितकालीन कर्फ्यू

जिला प्रशासन कार्यालय सुनसरी ने स्थानीय प्रशासन अधिनियम की धारा 6(ए) के तहत सोमवार सुबह 7:00 बजे से अगले आदेश तक कर्फ्यू लगा दिया है:

  1. हरिनगरा ग्रामीण नगरपालिका — घुस्की
  2. हरिनगरा ग्रामीण नगरपालिका — भूताहा
  3. हरिनगरा ग्रामीण नगरपालिका — कप्तानगंज
  4. देवानगंज बाजार
  5. देवानगंज ग्रामीण नगरपालिका-3
सख्त चेतावनी: कर्फ्यू के दौरान इन क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की सभा, जुलूस, प्रदर्शन, आवागमन व बैठक पर पूरी तरह रोक रहेगी. आदेश का उल्लंघन करने पर 1,000 रुपये जुर्माना या 1 महीने की जेल की सजा हो सकती है.

कैसे शुरू हुआ विवाद?

पुलिस के अनुसार, रविवार रात हिंदू श्रद्धालु बोलबम यात्रा के लिए कोशी बांध से जल भरकर डीजे के साथ कप्तानगंज चौक की ओर जा रहे थे:

  • डीजे की आवाज पर विवाद: डीजे की तेज आवाज को लेकर दूसरे समुदाय के लोगों ने आपत्ति जताई, जिसके बाद कहासुनी शुरू हो गई.
  • लाठी, पत्थर और भाले से हमला: कहासुनी देखते ही देखते हिंसक हो गई और दोनों तरफ से लाठी, पत्थर, बांस व भाले चलने लगे.
  • हवाई फायरिंग: स्थिति को बेकाबू होते देख पुलिस ने 3 राउंड हवाई फायरिंग की. वहीं रात 10:45 बजे सशस्त्र पुलिस बल द्वारा भी फायरिंग की गई. डीएसपी चंद्र खड़का के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है.

इलाके में सुरक्षा बल तैनात, स्थिति नियंत्रण में

घटना के बाद कोशी प्रांत पुलिस, नेपाल पुलिस विशेष सुरक्षा बटालियन और आसपास के थानों से अतिरिक्त सुरक्षा बल बुलाकर तैनात किया गया है. दोनों समुदायों को अलग-अलग स्थानों पर रखकर कड़ी निगरानी रखी जा रही है. जिला सुरक्षा समिति की आपात बैठक में स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं. फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुदीप भारती

सुदीप भारती प्रिंट माध्यम में 12 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सिकटी (अररिया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >