सिकटी. बिहार सरकार के महत्वाकांक्षी योजनाओं में राज्य स्वास्थ्य विभाग की कायाकल्प पुरस्कार के लिए चयनित 31 अस्पतालों की सूची में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकटी का नाम भी शामिल है. इस पुरस्कार के लिए चयनित अस्पतालों के लिए निर्धारित मानदंडों पर खड़ा उतारने के बाद ही पुरस्कार के लिए नामित किया जाता है. मालूम हो कि उक्त पुरस्कार देने के लिए अस्पताल की साफ-सफाई, देखभाल, संसर्ग नियंत्रण, मरीजों के लिए सुविधा, जानकारी प्रदर्शन, विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रम को क्रियान्वित कर उसे अमल में लाना, शस्त्रक्रिया, अधिकारी व कर्मचारियों का मरीजों के साथ व्यवहार व सहयोग जैसे कार्य की जिलास्तर पर चयन समिति द्वारा जांच कर, नागरिकों व मरीजों की प्रतिक्रिया जानकर उस हिसाब से स्वास्थ्य केंद्रों को अंक देकर गुणों के आधार पर अस्पतालों का चयन किया जाता है. सीएचसी सिकटी के लिए जिला स्तर पर बने क्वालिटी इस्युरेंश द्वारा निरीक्षण कर इसकी रिपोर्ट प्रमंडल स्तर पर की जा चुकी है. प्रमंडल स्तर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों द्वारा सिकटी सीएचसी का भ्रमण कर अंक दिया गया है. अब राज्य स्वास्थ्य समितियों की दो सदस्यीय टीम सिकटी सीएचसी में 87 कार्यक्रमों का बिंदुवार अवलोकन कर टीम द्वारा दिये गये अंक के आधार पर अवार्ड के लिए अग्रेतर कारवाई के रूप में राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक व बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव को इसकी रिपोर्ट सौंपेंगे. जिसमें प्रथम, द्वितीय व तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया जायेगा. जानकारी अनुसार सीएचसी को राज्य स्तरीय प्रशस्ति पत्र के साथ प्रथम पुरस्कार के लिए 1.5 करोड़, द्वितीय को एक करोड़ व तृतीय को 50 लाख की सम्मानित राशि स्वास्थ्य क्षेत्र में खर्च करने के लिए दी जायेगी. इस सम्मानित राशि से ऑक्सीजन युक्त बेड, रेडियोलॉजी, पैथोलॉजी, सोनोग्राफी, ईसीजी, सीटी स्कैन, ब्लड स्टोरेज यूनिट ( मिनी ब्लड बैंक), सी सेक्शन सर्विस (ऑपरेशन के माध्यम से प्रसव) सहित उच्च स्तरीय जांच व गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा बहाल की जा सकेगी.
सीएचसी का राज्यस्तरीय टीम करेगी निरीक्षण
अंक के आधार पर कायाकल्प अवार्ड हेतु तीन सीएचसी का चयन होना है
