अररिया जिले के आरएस थाना क्षेत्र अंतर्गत बहुचर्चित राजा पोखर हत्याकांड का पुलिस ने 72 घंटे के भीतर सनसनीखेज पर्दाफाश कर दिया है. प्रेम प्रसंग और शादी के लगातार बन रहे दबाव से छुटकारा पाने के लिए एक राजमिस्त्री ने अपने साथ काम करने वाली मजदूर महिला की चाकू गोदकर निर्मम हत्या कर दी थी.
एसपी जितेंद्र कुमार के कड़े निर्देश पर सदर एसडीपीओ सुशील कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीम ने त्वरित तकनीकी और वैज्ञानिक अनुसंधान के दम पर मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
12 सितंबर को नहर किनारे मिला था महिला का शव
घटना का खुलासा गत 12 सितंबर को हुआ था, जब रजोखर-मजकुरी रोड स्थित राजा पोखर बड़ी नहर के समीप सहनी टोला (वार्ड संख्या 04) निवासी विजय सहनी की 28 वर्षीय पत्नी फूलकुमारी देवी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया था.
शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी. मृतका के पति के फर्दबयान पर आरएस थाने में कांड संख्या 218/26 के तहत अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर तफ्तीश शुरू की गई थी.
तकनीकी साक्ष्य और लास्ट लोकेशन से पकड़ा गया आरोपी
हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए गठित विशेष जांच टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज, मृतका के मोबाइल की कॉल डिटेल (सीडीआर) और लास्ट लोकेशन को खंगाला.
तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय आसूचना के आधार पर पुलिस ने बौसी थाना क्षेत्र के मजुआ (वार्ड संख्या 14) निवासी परमानंद पासवान उर्फ पहाड़ी (45 वर्ष), पिता शनिचर पासवान को संदिग्ध मानकर हिरासत में लिया. पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी टूट गया और उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया.
अवैध संबंध, शादी का दबाव और फिर खूनी अंत
पूछताछ के दौरान आरोपी परमानंद पासवान ने बताया कि वह पेशे से राजमिस्त्री है और मृतका फूलकुमारी देवी उसके साथ मजदूरी का काम करती थी.
इसी दौरान पिछले डेढ़ से दो वर्षों से दोनों के बीच संबंध बन गए थे. पिछले दो महीनों से मृतका उस पर शादी करने के लिए लगातार दबाव बना रही थी. इस विवाद और दबाव से पीछा छुड़ाने के लिए आरोपी ने हत्या की खौफनाक साजिश रची.
साजिश के तहत 11 सितंबर की शाम उसने महिला को बातचीत के बहाने राजा पोखर के सुनसान इलाके में बुलाया. वहां पहुंचते ही उसने धारदार चाकू से महिला के सीने और कान पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी और शव को नहर किनारे फेंककर फरार हो गया.
खून से सने कपड़े, चाकू, मोबाइल और बाइक बरामद
सदर एसडीपीओ सुशील कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया खून लगा चाकू, घटना के समय प्रयुक्त बाइक, एक मोबाइल फोन और खून से सने कपड़े बरामद कर लिए गए हैं.
पुलिस ने सभी भौतिक और फॉरेंसिक साक्ष्य एकत्र कर लिए हैं. आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है और मामले में आरोप पत्र समर्पित कर स्पीडी ट्रायल के जरिए आरोपी को जल्द से जल्द कठोर सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा.
सफलता दिलाने वाली विशेष पुलिस टीम
इस अंधेकत्ल का पर्दाफाश करने वाली छापेमारी टीम में आरएस थानाध्यक्ष पुअनि अंकुर, पुअनि त्रिपुरारी कुमार, पुअनि अखिलेश कुमार, परिपुअनि सौदागर कुमार, ओम प्रकाश शर्मा, सिपाही सूरज, मोनू, चंदन, चौकीदार तनवीर आलम, विशुणदेव पासवान और अररिया जिला आसूचना इकाई (डीआईयू) की टीम शामिल थी.