अररिया. अररिया न्यायमंडल में फर्स्ट क्लास जुडिशियल मजिस्ट्रेट विक्की कुमार के कोर्ट में पदस्थापित प्रभारी पेशकार मो कासिम पर अधिवक्ता शंकर सुमन ठाकुर के साथ अशोभनीय व्यवहार का आरोप लगा है. अधिवक्ता ने जिला जज सिरिस्तेदार अजय कुमार को लिखित शिकायत दी है. आवेदन की प्रति बार एसोसिएशन अध्यक्ष अशोक कुमार पांडेय को सौंपी गयी और जिला जज की शिकायत पेटी में भी डाली गई है. अधिवक्ता शंकर सुमन ठाकुर ने बताया कि 27 मई 2026 को करीब साढ़े 11 बजे वे क्लाइंट के साथ रिकॉर्ड देखने कोर्ट पहुंचे. पेशकार मो. कासिम ने 15-20 मिनट बाद आने को कहा. आधे घंटे बाद दोबारा जाने पर फिर टाल दिया गया. लंच टाइम में तीसरी बार पहुंचने पर अधिवक्ता ने आरोप लगाया कि पेशकार कई लोगों से अगली तारीख देने के एवज में 50 से 100 रुपये तक वसूल रहे थे. रिकॉर्ड दिखाने की बात पर पेशकार झल्लाकर बोले कि “रिकॉर्ड दिखाने के लिए नहीं बैठा हूं. ” अधिवक्ता के टोकने पर कि “रुपये लेकर डेट देने के लिए भी सरकार ने नहीं बैठाया है “, पेशकार उग्र हो गए. अधिवक्ता का आरोप है कि पेशकार ने कहा- “जिसको शिकायत करना है करो, मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता ” व अभद्र भाषा का प्रयोग किया. अधिवक्ता ने कहा कि क्लाइंट के सामने उनकी प्रतिष्ठा धूमिल हुई. वे 2014 से नियमित प्रैक्टिस कर रहे हैं, पर ऐसा व्यवहार पहले कभी नहीं हुआ. बार अध्यक्ष अशोक कुमार पांडेय ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है. जज सिरिस्तेदार अजय कुमार ने कहा कि मामला जिला जज के संज्ञान में है. सीसीटीवी फुटेज से जांच होगी, जिससे पूरा मामला स्पष्ट हो जाएगा.
पेशकार पर अधिवक्ता से अशोभनीय व्यवहार का आरोप
जिला जज से की शिकायत
