अररिया जिले के नरपतगंज प्रखंड अंतर्गत खाबदह पंचायत के वार्ड संख्या 15 में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. घर में पंखे का स्विच ऑन करने के दौरान एक 20 वर्षीय युवक बिजली के करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई. घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.
पंखे का स्विच ऑन करते ही लगा जोरदार झटका
मृतक युवक की पहचान खाबदह पंचायत निवासी मो. मोहतमीम (20 वर्ष), पिता मो. फ़ुजैल उर्फ मुन्ना के रूप में की गई है. परिजनों के अनुसार, मोहतमीम अपने घर में लगे बिजली के पंखे का स्विच ऑन कर रहा था. इसी दौरान वह अचानक नंगे तार या कट-अप की वजह से आए तेज करंट की चपेट में आ गया. करंट लगते ही वह तड़पकर गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा.
अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत
हादसे के तुरंत बाद आनन-फानन में परिजन और स्थानीय ग्रामीण घायल युवक को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल फारबिसगंज ले गए. हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ और इलाज के दौरान ही उसने दम तोड़ दिया. घटना की सूचना मिलने के बाद नरपतगंज थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची. हालांकि, परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से लिखित रूप से इनकार कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया.
जनप्रतिनिधियों ने दी सांत्वना, मुआवजे की मांग
युवक की असमय मौत की खबर मिलते ही गांव में सन्नाटा पसर गया. घटना की जानकारी मिलते ही राजद नेता सह पूर्व विधानसभा प्रत्याशी मनीष यादव, बाबुल इनायत, शहजाद हुसैन, मो. अनवर, नूर अख्तर, उमर फारूक, मो. शुऐब, मो. अंजार और मो. नौशाद सहित कई स्थानीय प्रतिनिधियों ने मृतक के घर पहुंचकर शोक-संतप्त परिवार को सांत्वना दी. पीड़ित परिवार ने बिजली विभाग की लापरवाही की ओर इशारा करते हुए विभाग से उचित आर्थिक मुआवजे और सहायता राशि की मांग की है.
