फारबिसगंज से मो. कलीम उद्दीन की रिपोर्ट:
Muharram Procession Forbesganj: हजरत इमाम हसन, हजरत इमाम हुसैन और शहीदाने करबला की याद में मनाए जाने वाले मोहर्रम पर्व के तहत मंगलवार देर रात फारबिसगंज शहर में सप्तमी का जुलूस शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के माहौल में निकाला गया. जुलूस में शहर के विभिन्न अखाड़ों के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और पारंपरिक लाठी खेल सहित कई आकर्षक करतब प्रस्तुत किए.
शहर के दल्लू टोला, बिरवान चौक, गुदरी मोहल्ला, दरभंगिया टोला, आलम टोला, अली टोला, कूढ़ेली, धत्ता टोला, कादरी टोला और जुम्मन चौक समेत विभिन्न क्षेत्रों के अखाड़ों ने निर्धारित मार्गों से जुलूस निकालते हुए दस आना कचहरी रन पहुंचकर अपने-अपने हुनर का प्रदर्शन किया.
लाठी खेल और करतब बने आकर्षण का केंद्र
दस आना कचहरी रन पर पहुंचने के बाद विभिन्न अखाड़ों के युवाओं ने ढोल-नगाड़ों की ताल पर लाठी खेल और पारंपरिक करतबों का प्रदर्शन किया. जुलूस मार्ग के विभिन्न चौक-चौराहों तथा रन पर इन प्रदर्शनों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे. पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह और धार्मिक आस्था का माहौल बना रहा.
मोहर्रम कमेटी के सदस्य रहे सक्रिय
जुलूस को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने में मोहर्रम कमेटी के अध्यक्ष सह भागकोहेलिया के पूर्व मुखिया दिलशाद अहमद, प्रधान महासचिव वाहिद अंसारी, उप सचिव मो. इमामुल हक, सैयद आबिद हुसैन उर्फ गुड्डू अली, नूर मास्टर, इजहार अंसारी, शाहबाज खान, आफताब आलम, मो. दिलावर, बेलाल अली, नगर पार्षद फिरोज आलम उर्फ सलमान, सरफराज आलम फूल, मुन्ना सागर, इजहार आलम सहित अन्य सदस्य सक्रिय रूप से जुटे रहे.
सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
मोहर्रम के सप्तमी जुलूस को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा. जुलूस के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे. एसडीओ अभय कुमार, एसडीपीओ राजकिशोर कुमार, थानाध्यक्ष मनोज कुमार और अपर थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार गुप्ता स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे.
इसके अलावा स्थानीय थाना के कई पुलिस पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल जुलूस के आगे-पीछे तथा साथ-साथ चलकर सुरक्षा व्यवस्था संभालते रहे.
नगर परिषद ने की विशेष व्यवस्था
मोहर्रम जुलूस को लेकर नगर परिषद प्रशासन की ओर से दस आना कचहरी रन पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और पेयजल की विशेष व्यवस्था की गई थी. श्रद्धालुओं और दर्शकों की सुविधा के लिए पियाऊ की व्यवस्था भी की गई थी.
नगर परिषद की ओर से वॉच टावर बनाकर बेहतर लाइटिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की गई. कार्यक्रम के दौरान मुख्य पार्षद वीणा देवी, सिटी मैनेजर शशि आनंद, प्रभारी प्रधान सहायक कामख्या नारायण उर्फ कुंदन सिंह सहित नगर परिषद के कई अधिकारी और कर्मचारी व्यवस्था की निगरानी में जुटे रहे.
बेहतर साफ-सफाई, प्रकाश और पेयजल व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों ने नगर परिषद प्रशासन की सराहना की.
