13 सितंबर को निकलेगी ऐतिहासिक शोभा यात्रा, सूखा नशा बेचने वालों और उपद्रवियों पर होगी सख्त कार्रवाई

फारबिसगंज में 3 सितंबर को निकलने वाली महावीरी झंडा शोभायात्रा की शांतिपूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए बैठक हुई. अतिक्रमण, सड़क निर्माण और बिजली तारों की समस्याओं पर चर्चा हुई, जिन पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं. प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने का आश्वासन दिया है.

फारबिसगंज. 13 सितंबर को फारबिसगंज शहर में निकलने वाली ऐतिहासिक महावीरी झंडा शोभायात्रा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय के सभा भवन में अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता एसडीओ अभय कुमार तिवारी ने की. इसमें शांति समिति के सदस्यों और विभिन्न अखाड़ों के लाइसेंसधारियों ने शोभायात्रा को लेकर अपने सुझाव और समस्याएं सामने रखीं.

सड़क निर्माण और अतिक्रमण को लेकर सदस्यों ने जताई चिंता

बैठक में सदस्यों ने बताया कि शिव मंदिर के पास सड़क निर्माण के कारण गड्ढा छोड़ दिया गया है. कोठीहाट रोड पर भी ऐसी ही स्थिति है. कई स्थानों पर सड़क किनारे गिट्टी और बालू गिराकर अतिक्रमण किया गया है. लक्ष्मी नारायण पथ और गुदरी मोहल्ला मोड़ पर सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण शोभायात्रा के दौरान परेशानी होने की आशंका जताई गयी.

महावीर चौक सहित शहर के कई मार्गों पर बिजली के तार भी नीचे तक झूल रहे हैं और उनमें जंगल उग आया है. सदस्यों ने शोभायात्रा से पहले इन समस्याओं को दूर कराने की मांग की.

एसडीओ ने सड़क और बिजली विभाग को दिया निर्देश

एसडीओ अभय कुमार तिवारी ने आरसीडी और बुडको के अधिकारियों को निर्देश दिया कि शोभायात्रा से पहले सभी सड़क निर्माण कार्य पूरे कराए जाएं और सड़क पर मौजूद गड्ढों को समतल किया जाए. विद्युत विभाग को झूलते तारों को ठीक करने और तारों में उगे जंगल को हटाने का निर्देश दिया गया. एसडीओ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शोभायात्रा के मार्ग में किसी तरह की बाधा नहीं रहनी चाहिए और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जाएं.

महिला पुलिस बल और मेडिकल कैंप की मांग

शांति समिति के सदस्यों ने शोभायात्रा के दौरान महिला पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती और प्रमुख स्थानों पर मेडिकल कैंप लगाने की मांग की. एसडीपीओ पंकज कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने का आश्वासन दिया.

उन्होंने कहा कि शोभायात्रा के दौरान भीड़ प्रबंधन, संवेदनशील स्थानों की निगरानी और कानून-व्यवस्था को लेकर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी.

चिन्हित लोगों पर होगी कार्रवाई, सूखा नशा के खिलाफ अभियान

एसडीओ ने सभी थानाध्यक्षों को चिन्हित लोगों के खिलाफ धारा 126, 129 और 120 के तहत कार्रवाई करने का निर्देश दिया. साथ ही सूखा नशा के खिलाफ भी सख्त अभियान चलाने को कहा.

उन्होंने स्पष्ट किया कि शोभायात्रा के दौरान किसी भी तरह की आपत्तिजनक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी. प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक निगरानी की जाएगी.

अतिक्रमण हटेगा, लाइसेंस समय पर लेने का निर्देश

एसडीओ ने कहा कि शोभायात्रा के मार्ग में किए गए अतिक्रमण को हटाया जाएगा. सभी अखाड़ों के लाइसेंसधारियों को समय पर लाइसेंस प्राप्त करने का निर्देश दिया गया.

उन्होंने स्पष्ट किया कि शोभायात्रा में डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

साफ-सफाई और सीसीटीवी की होगी व्यवस्था

मुख्य पार्षद वीणा देवी ने शोभायात्रा के दौरान शहर में बेहतर साफ-सफाई की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया. साथ ही आवश्यक स्थानों पर सीसीटीवी की व्यवस्था किए जाने की बात कही गयी, ताकि प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर गतिविधियों की निगरानी की जा सके.

प्रशासन और समिति के बीच समन्वय पर जोर

बैठक में अधिकारियों ने कहा कि महावीरी झंडा शोभायात्रा को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन, पुलिस, नगर परिषद, अखाड़ा समितियों और शांति समिति के सदस्यों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है. सभी पक्षों से आपसी सौहार्द बनाए रखने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गयी.

ये रहे मौजूद

बैठक में एसडीपीओ पंकज कुमार, जोगबनी नगर परिषद की मुख्य पार्षद रानी देवी, सीओ पंकज कुमार, डीसीएलआर अजित कुमार, कार्यपालक दंडाधिकारी मधु कुमारी, बीडीओ पंकज कुमार, फारबिसगंज थानाध्यक्ष मनोज कुमार, भरगामा थानाध्यक्ष राजेश कुमार, नरपतगंज थानाध्यक्ष संजय कुमार, सिमराहा थानाध्यक्ष प्रेम कुमार भारती, विद्युत विभाग के जेई कैलाश कुमार, सांसद प्रतिनिधि संजय कुमार मिश्रा सहित शांति समिति के सदस्य गजेंद्र प्रसाद सिंह, मूलचंद गोलछा, वाहिद अंसारी, दिलशाद अहमद, रजत सिंह, प्रकाश चौधरी, प्रोफेसर गणेश ठाकुर, गुलाबचंद ऋषिदेव सहित अन्य लोग मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By कलीमउद्दीन

कलीमउद्दीन प्रिंट माध्यम में 24 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >