ARARIA: सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जेनिथ पब्लिक स्कूल में अग्निशामक मॉक ड्रिल का आयोजन

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को आग लगने की स्थिति में सतर्कता, बचाव एवं सुरक्षा के उपायों की जानकारी देना था ताकि किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में वे घबराने के बजाय समझदारी से कार्य कर सकें

जोगबनी (अररिया) से सुदीप भारती की रिपोर्ट

अररिया: स्थानीय जेनिथ पब्लिक स्कूल जोगबनी में विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं जागरूकता को ध्यान में रखते हुए एक दिवसीय अग्निशामक मॉक ड्रिल कार्यक्रम का आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम अग्निशामक विभाग फारबिसगंज के सहयोग से संपन्न हुआ.

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को आग लगने की स्थिति में सतर्कता, बचाव एवं सुरक्षा के उपायों की जानकारी देना था ताकि किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में वे घबराने के बजाय समझदारी से कार्य कर सकें.

मॉक ड्रिल के दौरान अग्निशामक विभाग की टीम ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को आग लगने के विभिन्न कारणों, उससे होने वाले नुकसान एवं आग से बचाव के उपायों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी. टीम ने बताया कि छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए सतर्कता एवं समय पर सही निर्णय अत्यंत आवश्यक है.

कार्यक्रम में फायर स्टेशन ऑफिसर डीएन प्रसाद ने बच्चों को आग लगने की स्थिति में तुरंत सुरक्षित स्थान पर जाने, बिजली के उपकरणों का सावधानीपूर्वक उपयोग करने एवं घबराहट से बचने के बारे में जानकारी दी. उन्होंने यह भी बताया कि आग लगने पर सबसे पहले फायर ब्रिगेड को सूचना देना एवं आसपास के लोगों को सतर्क करना जरूरी होता है.

प्रधान अग्नि चालक प्रिंस कुमार एवं अग्नि चालक विक्रम कुमार ने विद्यार्थियों को अग्निशामक यंत्रों के उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया. उन्होंने स्कूल परिसर में मॉक ड्रिल के माध्यम से दिखाया कि आग बुझाने वाले सिलेंडर का प्रयोग किस प्रकार किया जाता है एवं धुएं से बचते हुए सुरक्षित बाहर कैसे निकला जाता है. इस दौरान बच्चों ने बड़े उत्साह एवं रुचि के साथ प्रशिक्षण में भाग लिया. टीम द्वारा बच्चों को सुरक्षित निकासी के तरीकों का अभ्यास भी कराया गया, जिससे विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ा.

विद्यालय के निदेशक खुर्शीद खान ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा विद्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने अग्निशामक विभाग फारबिसगंज की पूरी टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक होते हैं.

कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने अग्निशामक विभाग की टीम का तालियों के साथ स्वागत एवं धन्यवाद किया. इस सफल आयोजन से बच्चों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ी एवं उन्होंने आपदा प्रबंधन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण बातें सीखी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shruti Kumari

Shruti Kumari is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >