Jeevika Training: अररिया. जिला परियोजना समन्वयन इकाई, जीविका अररिया द्वारा जिले के सभी नौ प्रखंडों की सामुदायिक पोषण साधन सेवी एवं मास्टर संसाधन सेवी का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ. यह प्रशिक्षण कुल छह बैचों में आयोजित किया गया. प्रत्येक बैच का प्रशिक्षण दो दिनों तक चला. प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत 16 जुलाई 2026 से की गई थी.
महिला स्वास्थ्य और खुशहाली रहा मुख्य विषय
प्रशिक्षण का मुख्य विषय "महिला स्वास्थ्य व खुशहाली" रखा गया. इस दौरान एनीमिया, महिलाओं में अवसाद, प्रजनन स्वास्थ्य, पोषण और स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों ने विस्तार से जानकारी दी. प्रतिभागियों को महिलाओं में होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं की पहचान और उनके समाधान के उपाय भी बताए गए.
203 जीविका दीदियों को मिला प्रशिक्षण
कार्यक्रम में जिले की 38 मास्टर संसाधन सेवी और 165 सामुदायिक पोषण साधन सेवी सहित कुल 203 जीविका दीदियों ने भाग लिया. प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद ये सभी दीदियां समूह एवं ग्राम संगठन स्तर पर अन्य जीविका सदस्यों को महिला स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूक करेंगी.
विशेषज्ञों ने दी व्यवहारिक जानकारी
प्रशिक्षण कार्यक्रम में राज्य कार्यालय से आए मृतुंजय कुमार तथा जिला संसाधन सेवी ने प्रशिक्षक के रूप में सहभागिता की. उन्होंने महिला स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर व्यवहारिक जानकारी साझा करते हुए समुदाय स्तर पर जागरूकता बढ़ाने के तरीकों पर भी चर्चा की.
एनीमिया से बचाव पर दिया गया जोर
Jeevika Training: प्रबंधक स्वास्थ्य एवं पोषण शैलेंद्र कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाओं में एनीमिया के कारण, लक्षण, जांच और बचाव के उपायों की जानकारी दी गई. उन्होंने कहा कि समय पर पहचान और उपचार से गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है. साथ ही महिलाओं के समग्र स्वास्थ्य, पोषण और सशक्तिकरण के लिए इस प्रकार का प्रशिक्षण अत्यंत महत्वपूर्ण है.
