नेपाल में सांप्रदायिक हिंसा के बाद छठे दिन भी भारत-नेपाल सीमा सील, फुलकाहा बॉर्डर पर कड़ी सुरक्षा

नेपाल के कप्तानगंज में सांप्रदायिक हिंसा और दो युवकों की मौत के बाद भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था अत्यंत कड़ी कर दी गई है. सीमा पार आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है.

India-Nepal Border Alert: नरपतगंज (अररिया). नेपाल के सुनसरी जिले के देवानगंज गांवपालिका स्थित कप्तानगंज में हुई सांप्रदायिक हिंसा के बाद भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है. फुलकाहा थाना क्षेत्र से सटी अंतरराष्ट्रीय सीमा पर लगातार छठे दिन भी सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता के साथ निगरानी कर रही हैं.

सीमा पार आवागमन पर पूरी तरह रोक

सीमा पार आम लोगों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध जारी है. इसका असर सीमावर्ती गांवों के दैनिक जीवन पर भी देखने को मिल रहा है. सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संभावित अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह अलर्ट हैं.

दो युवकों की मौत के बाद बढ़ी सतर्कता

जानकारी के अनुसार 26 जुलाई की रात नेपाल के कप्तानगंज में दो समुदायों के बीच विवाद हिंसक हो गया था. इस घटना में गोली लगने से 24 वर्षीय ओमप्रकाश मेहता की मौके पर ही मौत हो गई थी. वहीं गंभीर रूप से घायल 22 वर्षीय जयप्रकाश मेहता ने इलाज के दौरान गुरुवार को दम तोड़ दिया. दोनों युवकों की मौत के बाद प्रभावित क्षेत्र में तनाव बढ़ गया, जिसके बाद सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई.

संयुक्त टीम चला रही सघन जांच अभियान

फुलकाहा एसएसबी बीओपी प्रभारी सहायक सेनानायक राणा कुमार के नेतृत्व में एसएसबी, बीएसएपी और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम सीमा क्षेत्र में लगातार सघन जांच अभियान चला रही है. प्रत्येक प्रवेश बिंदु पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं और आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति एवं गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है.

सीमावर्ती थानों की पुलिस भी अलर्ट

India-Nepal Border Alert: सीमावर्ती थाना क्षेत्रों की पुलिस को भी पूरी तरह सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है. प्रशासन का कहना है कि सीमा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था लगातार मजबूत रखी जायेगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजीव कुमार यादव

संजीव कुमार यादव प्रिंट माध्यम में 16 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. नरपतगंज (अररिया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >