कटिहार निवासी विनय कुमार ठाकुर अपने भाई की फैक्ट्री में करता था काम,
पुलिस व एफएसएल टीम जांच में जुटी, आत्महत्या या हत्या पर जांच जारी
फारबिसगंज. थाना क्षेत्र के सैफगंज वार्ड संख्या-07 स्थित एक फैक्ट्री परिसर के कमरे से शनिवार को 40 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी. मृतक की पहचान कटिहार के रामनगर निवासी विनय कुमार ठाकुर (पिता- उमेश ठाकुर) के रूप में हुई है. बताया गया कि विनय कुमार ठाकुर अपने भाई कार्तिक कुमार द्वारा संचालित मेटल स्क्रैप ट्रेडर्स में कार्य करते थे और परिसर की देखरेख भी करते थे.
सुबह मजदूरों ने देखा बंद था कमरा
शनिवार सुबह फैक्ट्री में काम करने पहुंचे मजदूरों ने कमरे का मुख्य दरवाजा बंद पाया. संदेह होने पर अन्य रास्ते से अंदर झांककर देखा गया तो युवक का शव फंदे से लटका हुआ मिला. सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई.
परिसर में लगे हैं सीसीटीवी कैमरे
स्थानीय लोगों के अनुसार जिस परिसर में शव मिला है, वहां सीसीटीवी कैमरे भी लगे हुए हैं. ग्रामीणों का मानना है कि कैमरे की फुटेज से घटना के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है. स्थानीय मुखिया दिलीप पासवान ने बताया कि मृतक अपने भाई के प्रतिष्ठान की देखरेख करता था. वहीं उप सरपंच अजय कुमार ठाकुर ने बताया कि मृतक की बहन की शादी सैफगंज में हुई है और वह लंबे समय से यहां कार्यरत था. हत्या या आत्महत्या, जांच के बाद होगा खुलासा
घटना की सूचना मिलने पर एसडीपीओ राजकिशोर कुमार, अपर थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार गुप्ता, डायल-112 पुलिस टीम, परवाहा पुलिस कैंप प्रभारी सुभाष प्रसाद तथा एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.