फारबिसगंज में शांतिपूर्ण माहौल में निकला मोहर्रम की पंचमी का जुलूस

Forbesganj Muharram Procession 2026: फारबिसगंज में मोहर्रम की पंचमी का जुलूस शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में निकाला गया. विभिन्न अखाड़ों ने पारंपरिक करतब दिखाए, जबकि प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए.

अररिया से मो. कलीम उद्दीन की रिपोर्ट:

Forbesganj Muharram Procession 2026: हजरत इमाम हसन, हजरत इमाम हुसैन एवं शहीदाने करबला की याद में मनाए जाने वाले मोहर्रम पर्व के तहत रविवार रात फारबिसगंज शहर में पंचमी का जुलूस शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में निकाला गया. जुलूस में शहर के विभिन्न अखाड़ों के सदस्य शामिल हुए और पारंपरिक लाठी खेल व करतबों का प्रदर्शन करते हुए सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश दिया.

जुलूस में दरभंगिया टोला, पोखर बस्ती, दल्लू टोला, कादरी टोला, जुम्मन चौक समेत शहर के विभिन्न अखाड़ों के लाइसेंसधारी सदस्य शामिल हुए. जुलूस स्टेशन चौक, सदर रोड सहित शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पोस्ट ऑफिस चौक पहुंचा.

ऐतिहासिक सुल्तान पोखर से मिट्टी लाने की रस्म अदा

पोस्ट ऑफिस चौक पहुंचने के बाद विभिन्न अखाड़ों के सदस्य पारंपरिक लाठी खेल और अन्य करतबों का प्रदर्शन करते रहे. वहीं प्रत्येक अखाड़े से दो-दो प्रतिनिधि एवं लाइसेंसधारी मोजाबीर ऐतिहासिक सुल्तान पोखर पहुंचे और वहां से मिट्टी लाने की रस्म अदा की. इसके बाद सभी अखाड़े उसी मार्ग से अपने-अपने गंतव्य की ओर लौट गए.

जुलूस के दौरान ढोल की थाप पर अखाड़ों के युवाओं ने जगह-जगह रुककर आकर्षक करतब दिखाए, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे.

सामाजिक सौहार्द का दिया संदेश

कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में विभिन्न सामाजिक संगठनों और मोहर्रम कमेटी के सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही. इस अवसर पर चेंबर ऑफ कॉमर्स के जिलाध्यक्ष मूलचंद गोलछा, राकेश रौशन, प्रताप नारायण मंडल, करण कुमार पप्पू, मनोज कुमार जायसवाल, मोहर्रम कमेटी के प्रधान महासचिव वाहिद अंसारी, उपाध्यक्ष शमीम अहमद, उपसचिव मो. इमामुल हक, इजहार अंसारी, गालिब आजाद, शहबाज खान, बेलाल अली, नगर पार्षद सैय्यद आबिद हुसैन उर्फ गुड्डू अली, फिरोज आलम उर्फ सलमान समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे.

सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद

मोहर्रम की पंचमी के जुलूस को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा. विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे. अनुमंडल पदाधिकारी अभय कुमार स्वयं पूरे आयोजन की निगरानी करते रहे. वहीं आदर्श थाना फारबिसगंज के थानाध्यक्ष मनोज कुमार, अवर निरीक्षक अमित राज, कुमारी बबीता समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल जुलूस मार्ग पर तैनात रहे.

प्रशासनिक सतर्कता और स्थानीय लोगों के सहयोग से पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shruti Kumari

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >