बस में सफर करने से पहले किराया देख लें! अररिया में 65 बसों की जांच, 28 पर कार्रवाई

परिवहन विभाग ने अररिया में यात्रियों से अधिक किराया वसूलने वाली 28 बसों पर 18,900 रुपये का जुर्माना लगाया है. जिलाधिकारी के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई से बस संचालकों में हड़कंप मचा है. अब बिना सूचना के भी औचक जांच की जाएगी.

अररिया : यात्रियों से निर्धारित किराये से अधिक राशि वसूलने और बसों में पॉइंट-टू-पॉइंट किराया सारणी प्रदर्शित नहीं करने वाले बस संचालकों के खिलाफ परिवहन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है. जिलाधिकारी विनोद दूहन के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम ने जिले के विभिन्न मार्गों और बस पड़ावों पर करीब 65 यात्री बसों की औचक जांच की.

जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 28 बसों के खिलाफ कार्रवाई की गयी. इनसे कुल 18,900 रुपये जुर्माना वसूला गया. परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से बस संचालकों में हड़कंप की स्थिति रही.

यात्रियों से पूछकर जांचा गया कितना किराया लिया जा रहा

औचक जांच के दौरान टीम ने बसों में निर्धारित पॉइंट-टू-पॉइंट किराया सारणी के प्रदर्शन की जांच की. यह भी देखा गया कि किराया सारणी यात्रियों को स्पष्ट रूप से दिखाई देने वाले स्थान पर लगायी गयी है या नहीं.

इसके अलावा बस में सफर कर रहे यात्रियों से सीधे पूछताछ कर उनसे लिये जा रहे किराये की जानकारी ली गयी. निर्धारित किराये से अधिक राशि लिये जाने संबंधी शिकायतों का भी मौके पर सत्यापन किया गया.

बस संचालकों को पहले ही दिया जा चुका है निर्देश

जिला प्रशासन को विभिन्न माध्यमों से बसों में निर्धारित किराये से अधिक राशि वसूलने की शिकायतें मिल रही थीं. साथ ही कई बसों में पॉइंट-टू-पॉइंट किराया सारणी प्रदर्शित नहीं किये जाने की जानकारी भी सामने आयी थी. इसके बाद जिलाधिकारी ने परिवहन विभाग को लगातार जांच कर प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया.

जिला परिवहन पदाधिकारी की ओर से पहले ही सभी बस मालिकों और संचालकों के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिया जा चुका है कि यात्रियों से सरकार द्वारा निर्धारित किराये से अधिक राशि नहीं ली जाए. प्रत्येक बस में निर्धारित पॉइंट-टू-पॉइंट किराया सारणी अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने को भी कहा गया है.

अब बिना सूचना होगी बसों की औचक जांच

जिला परिवहन पदाधिकारी ने कहा कि बसों की जांच किसी एक दिन तक सीमित नहीं रहेगी. जिले के विभिन्न मार्गों और बस पड़ावों पर लगातार औचक जांच की जायेगी. बिना पूर्व सूचना के बसों का निरीक्षण होगा और नियमों का उल्लंघन मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जायेगी.

उन्होंने बस संचालकों को निर्धारित किराया सारणी बस में स्पष्ट रूप से प्रदर्शित रखने और यात्रियों से केवल सरकार द्वारा निर्धारित किराया ही वसूलने का निर्देश दिया है.

बार-बार नियम तोड़ा तो परमिट-फिटनेस पर भी कार्रवाई

परिवहन विभाग के अनुसार किराया सारणी नहीं लगाने या निर्धारित दर से अधिक किराया वसूलने पर जुर्माना सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई की जायेगी. बार-बार नियमों का उल्लंघन करने वाले बस संचालकों के खिलाफ फिटनेस, परमिट और वाहन जब्ती जैसी कार्रवाई भी की जा सकती है.

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों के हितों से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जायेगा. निर्धारित किराया व्यवस्था को लागू कराने के लिए परिवहन विभाग की निगरानी और प्रवर्तन कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pankaj jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >