जोकीहाट में युवती की गला रेतकर हत्या का खुलासा, मां और बहन गिरफ्तार, पिता ने दर्ज कराई प्राथमिकी

जोकीहाट, अररिया में 29 वर्षीय जुमनी की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है. मृतका की मां और छोटी बहन को गिरफ्तार किया गया है. पिता ने दोनों पर ही गला रेतकर हत्या करने का आरोप लगाया है.

Araria Murder Case: जोकीहाट (अररिया). जोकीहाट थाना क्षेत्र के मटियारी पंचायत अंतर्गत हैयाधार गांव वार्ड संख्या-09 में 29 वर्षीय जुमनी की गला रेतकर हत्या के मामले में पुलिस ने मृतका की मां और छोटी बहन को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. मृतका के पिता मोहसिन के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है.

पिता ने पत्नी और बेटी पर लगाया हत्या का आरोप

मृतका के पिता 55 वर्षीय मोहसिन, पिता स्व. सज्जाद ने थाना में दिए आवेदन में आरोप लगाया कि उनकी पत्नी फातिमा और छोटी बेटी आशियाना ने मिलकर जुमनी की हत्या की है. उन्होंने बताया कि सोमवार तड़के करीब तीन बजे परिवार को बड़ी बेटी का गला कटा हुआ मिला, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी.

घर के भीतर हुई वारदात पर उठा शक

प्राथमिकी में पिता ने कहा है कि घटना वाली रात घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था और जिस कमरे में जुमनी सो रही थी, उसकी कुंडी भी टूटी नहीं थी. उनका कहना है कि यदि कोई बाहरी व्यक्ति घर में घुसा होता तो जबरन प्रवेश के निशान मिलते और बरामदे में सो रहे अन्य लोगों पर भी हमला होता. इसी आधार पर उन्होंने परिवार के भीतर साजिश की आशंका जताई.

पड़ोसी को फंसाने की साजिश का आरोप

आवेदन के अनुसार घटना से एक दिन पहले पड़ोसी अजीज की बकरी खेत में घुसने को लेकर विवाद हुआ था. पिता का आरोप है कि इसी विवाद का फायदा उठाकर पत्नी और छोटी बेटी ने पड़ोसी परिवार को झूठे हत्या मामले में फंसाने की साजिश रची.

पुलिस ने मां और बहन को किया गिरफ्तार

इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष राजीव कुमार झा ने बताया कि मामले में मृतका की मां और छोटी बहन को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद कर लिया है. एफएसएल टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं, जबकि एसडीपीओ सुशील कुमार ने भी मौके का निरीक्षण किया है.

सभी पहलुओं की हो रही जांच

Araria Murder Case: पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है. उपलब्ध साक्ष्यों, एफएसएल रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जायेगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मृगेंद्रमणि सिंह

मृगेंद्रमणि सिंह प्रिंट माध्यम में 16 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. प्रभात खबर के अररिया कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >