भरगामा. प्रखंड क्षेत्र के जमुआन पंचायत अंतर्गत एनएच-327 ई से नहर तक भीसी के बांध पर पक्की सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का आंदोलन तेज हो गया है. सड़क निर्माण की मांग को लेकर स्थानीय निवासी सुरेश कुमार मंडल बीते 18 मई सोमवार से आमरण अनशन पर बैठ गए हैं. अनशन शुरू होने के बाद इलाके में प्रशासनिक हलचल बढ़ गई है व ग्रामीणों में भी सड़क निर्माण को लेकर चर्चा तेज हो गई है. ग्रामीणों का कहना है कि भीसी बांध होकर गुजरने वाला यह रास्ता वर्षों से जर्जर स्थिति में है. बरसात के दिनों में सड़क की हालत व खराब हो जाती है, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है. खासकर स्कूली बच्चों, मरीजों व किसानों को काफी दिक्कत होती है. लोगों का आरोप है कि कई बार जनप्रतिनिधियों व प्रशासन से सड़क निर्माण की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हो सकी. मामले को लेकर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि दिनेश पासवान ने बताया कि पूर्व में भीसी बांध पर पक्की सड़क निर्माण को लेकर पहल की गई थी. प्रारंभिक प्रक्रिया भी शुरू हुई थी, लेकिन कोशी विभाग की आपत्ति व कुछ निजी जमीन संबंधित विवाद के कारण निर्माण कार्य रोकना पड़ा. उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर लगातार प्रयास किया जा रहा है ताकि विभागीय समन्वय स्थापित कर सड़क निर्माण का रास्ता साफ हो सके. इधर आमरण अनशन की सूचना मिलने के बाद प्रशासन भी सक्रिय हो गया है. बीडीओ शशिभूषण सुमन ने बताया कि आमरण अनशन का मामला संज्ञान में आया है. जल्द ही स्थल निरीक्षण कर वस्तुस्थिति की जांच की जाएगी व संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर आगे की आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
सड़क निर्माण की मांग को लेकर आमरण अनशन शुरू
ग्रामीणों ने आंदोलन किया तेज
