फारबिसगंज. दधीचि देहदान समिति व तेरापंथ युवक चक्षुदान समिति की ओर से फारबिसगंज के एमएल गोयल रोड स्थित नेत्रदानी स्व अर्जुन लाल गोयल के आवास पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया. कार्यक्रम में नेत्रदानी के परिवार को शॉल, अंग वस्त्र व राज्य कमेटी की ओर से नेत्रदान को लेकर प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया. स्व अर्जुन गोयल की धर्मपत्नी शकुंतला देवी, पुत्र मनोज गोयल, मुकेश गोयल, पुत्रवधु अंजू, गौरी, कृष्णा गोयल, अनुज कुंज बिहारी गोयल, विजय गोयल व रतन गोयल सहित पूरे परिवार को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता दधीचि देहदान समिति के जिलाध्यक्ष अजातशत्रु अग्रवाल ने की. जबकि संचालन संरक्षक विनोद सरावगी ने किया. समिति के प्रवक्ता राहुल कुमार ठाकुर ने सिक्किम के पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद व महासचिव पद्मश्री विमल जैन का शोक संदेश व मृत्योपरांत नेत्रदान की सहमति को लेकर भेजा गया संदेश पढ़कर सुनाया. मौके पर जिलाध्यक्ष अजातशत्रु अग्रवाल व तेरापंथ युवक परिषद चक्षुदान समिति के आशीष गोलछा ने दुख की घड़ी में नेत्रदान की सहमति देने के लिए परिवार का आभार जताया. अजातशत्रु अग्रवाल ने बताया कि फारबिसगंज में यह 24 वां नेत्रदान है. स्व. अर्जुन गोयल ने मृत्यु के बाद भी दो-तीन लोगों की जिंदगी में रोशनी देकर अमरत्व प्राप्त किया है. उन्होंने कहा कि जागरूकता बढ़ने के बावजूद कॉर्निया कलेक्शन का प्रावधान कटिहार या दरभंगा मेडिकल कॉलेज में होने से कई बार सहमति के बावजूद नेत्रदान पूरा नहीं हो पाता. हाल हीं में कटिहार मेडिकल कॉलेज में केमिकल न रहने के कारण भी यह पुण्य कार्य रुक गया. उन्होंने कहा कि फारबिसगंज में लायंस नेत्रालय में कॉर्निया कलेक्शन सेंटर खुल जाए तो नेत्रदान की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी होगी. कार्यक्रम में जदयू जिलाध्यक्ष पवन मिश्रा, डॉ. अनुज प्रभात, विनोद तिवारी, विनोद सेठिया, राजकुमार लड्ढा, पीयूष डागा, मुकेश चैनवाला सहित कई लोग मौजूद रहे.
नेत्रदानी अर्जुन गोयल के परिवार को किया सम्मानित
सम्मान समारोह में आये थे दर्जनों लोग
