महाअभियान की कार्य योजना पर की विस्तृत चर्चा

राजस्व महाअभियान की सफलता को लेकर अधिकारियों ने की बैठक

राजस्व व भूमि सुधार विभाग के निदेशक ने अधिकारियों को दिये कई निर्देश अररिया. जिले में आगामी 16 अगस्त से 20 सितंबर तक राजस्व महाअभियान का आयोजन किया जायेगा. इसकी सफलता को लेकर गुरुवार को समाहरणालय स्थित परमान सभागार में राजस्व व भूमि सुधार विभाग के निदेशक कमलेश सिंह की अध्यक्षता में संबंधित अधिकारियों की विशेष बैठक की गयी. बैठक में अपर समाहर्ता अनिल कुमार झा, जिला बंदोबस्त पदाधिकारी, जिला भू अर्जन पदाधिकारी, राजस्व प्रभारी, सभी वरीय उप समाहर्ता, भूमि सुधार उप समाहर्ता, सभी सीओ, आरओए, एएस सहित अन्य मौजूद थे. बैठक में राजस्व व भूमि सुधार विभाग के निदेशक कमलेश सिंह ने संबंधित अधिकारियों को राजस्व महाअभियान को लेकर निर्धारित कैलेंडर के मुताबिक निर्धारित कार्यों को निष्पादित करने के लिए निर्देशित किया. बैठक में राजस्व महाअभियान की कार्य योजना पर विस्तृत चर्चा की गयी. बताया गया कि राजस्व महाअभियान के तहत जिले के सभी रैयतों में जमीन संबंधी अभिलेखों में सुधार व उत्तराधिकारी नामांतरण, बंटवारा के लिए आवेदन संग्रहित करने के लिए डोर-टू-डोर अभियान संचालित किया जायेगा. इसमें मूल रूप से वर्तमान में ऑनलाइन की गयी जमाबंदियों की प्रति संबंधित रैयतों को उनके घर पर जाकर उपलब्ध करायी जायेगी. जमाबंदी सुधार, छूटी हुई जमाबंदियों को ऑनलाइन कराने, उत्तराधिकारी नामांतरण, बंटवारा नामांतरण के लिए हल्का स्तर पर आयोजित शिविर में आवेदन पत्र प्राप्त किये जायेंगे. यह अभियान रैयतों के भूमि संबंधी अभिलेखों के सुधार व अद्यतीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है. बैठक में बताया गया कि महाअभियान की सफलता को लेकर आगामी 08 अगस्त को पंचायती राज विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, राजस्व व भूमि सुधार विभाग सहित संबंधित अन्य विभागीय अधिकारी व कर्मियों की बैठक की जायेगी. महाअभियान में पंचायत प्रतिनिधियों का पूर्ण सहयोग अपेक्षित है. पंचायत प्रतिनिधियों व पंचायत स्तरीय अधिकारियों के लिए उन्मुखीकरण कार्यशाला आगामी 13 व 14 अगस्त के बीच संबंधित प्रखंड कार्यालय में आयोजित किया जायेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRAPHULL BHARTI

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >