पेपर लीक और छात्र मुद्दों को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, फूंका पुतला

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पेपर लीक और छात्र हितों की अनदेखी के खिलाफ स्टेशन चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया. उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री शाह के पुतले फूंके और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा.

फारबिसगंज (अररिया) : पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था, छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई तथा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एवं अन्य सांसदों के साथ कथित दुर्व्यवहार के विरोध में बुधवार को बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्टेशन चौक पर प्रदर्शन किया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का पुतला दहन कर नारेबाजी की.

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष गुलाब चंद ऋषिदेव ने की, जबकि संचालन नगर अध्यक्ष अमितेश कुमार गुड्डू ने किया. इस दौरान वक्ताओं ने केंद्र सरकार पर युवाओं और छात्रों के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया.

पूर्व जिला अध्यक्ष अनिल सिन्हा, पूर्व जिलाध्यक्ष शाद अहमद, शंकर प्रसाद साह और श्रीकुमार ठाकुर ने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज दबाना और छात्रों के अधिकारों का हनन स्वीकार नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी.

यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव करण कुमार पप्पू ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और गृह मंत्री अमित शाह को पद से हटाने की मांग की. उन्होंने कहा कि लाखों छात्र वर्षों तक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक की घटनाओं से उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है. सरकार समस्या के समाधान के बजाय छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है.

वक्ताओं ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर दिल्ली पुलिस द्वारा कथित बल प्रयोग तथा घायल छात्रों का हाल जानने पहुंचे राहुल गांधी के साथ कथित दुर्व्यवहार की निंदा करते हुए कहा कि शांतिपूर्ण विरोध प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है.

प्रदर्शन में इरशाद सिद्दीकी, अखलाकुर रहमान, मो. दानिश, अमन रजा, नासिर हुसैन, डोमी ऋषिदेव, रामदेव यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

कलीमउद्दीन प्रिंट माध्यम में 24 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >