बथनाहा. एसएसबी 56 वीं वाहिनी के मुख्यालय परिसर में कमांडेंट जनार्दन मिश्रा के नेतृत्व में एसएसबी अधिकारियों व मीडिया कर्मियों के बीच रविवार को एक समन्वय बैठक की गयी. बैठक की अध्यक्षता कमांडेंट जनार्दन मिश्रा ने की. इस दौरान मीडिया कर्मियों से परिचय के बाद सीमावर्ती क्षेत्र में हो रही विभिन्न गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गयी. कमांडेंट ने पत्रकारों से सुझाव भी मांगे और क्षेत्र की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली. वहीं पत्रकारों ने सीमा क्षेत्र की समस्याओं को कमांडेंट को अवगत कराया. कमांडेंट ने सभी समस्याओं के समाधान का आश्वासन देते हुए कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा को लेकर काफी सजग हैं. इसमें आपका सहयोग भी जरूरी है. उन्होंने विशेष रूप से सूखे नशे के बढ़ते प्रभाव को रोकने के लिए सामूहिक प्रयास पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि आपसी तालमेल से न केवल अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सकता है, बल्कि नशा जैसी समस्या को भी कुछ हद तक खत्म किया जा सकता है. बैठक में द्वितीय कमान अधिकारी हर्षित कुमावत, मदन मोहन भट्ट, प्रभाकर सहित कई अन्य अधिकारी और सीमावर्ती क्षेत्र के मीडिया कर्मी मौजूद थे.
सूखे नशे को रोकने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी
बथनाहा में एसएसबी व मीडिया कर्मियों के बीच हुई समन्वय बैठक
