बिहार भर के अंचल कार्यालयों में जमीन संबंधी कार्यों को लेकर व्याप्त भ्रष्टाचार, कर्मचारियों की मनमानी और दलालों के दखल पर कड़ा प्रहार करने के लिए राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने बड़ा कदम उठाया है.
राज्य के सभी 537 अंचल कार्यालयों को अब हाई-टेक सर्विलांस नेटवर्क से लैस किया जा रहा है. इन सभी कार्यालयों के भीतरी और बाहरी हिस्सों में हाई-क्वालिटी सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिनकी लाइव मॉनिटरिंग सीधे राज्य मुख्यालय पटना से होगी.
अररिया सर्किट हाउस में मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल का बड़ा ऐलान
अररिया परिसदन (सर्किट हाउस) में पत्रकारों को संबोधित करते हुए राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने इस नई व्यवस्था की जानकारी दी.
उन्होंने दो-टूक शब्दों में कहा कि नीतीश सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है. अंचल कार्यालयों में आम जनता को होने वाली परेशानियों को देखते हुए यह कड़ा सर्विलांस तंत्र विकसित किया गया है ताकि व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी बन सके.
पटना में बनेगा आधुनिक कमांड एंड कंट्रोल सेंटर
मंत्री डॉ. जायसवाल ने बताया कि राज्य मुख्यालय पटना में एक अत्याधुनिक केंद्रीय नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जा रहा है.
इस कंट्रोल रूम के जरिए पटना में बैठे उच्चाधिकारी सूबे के किसी भी अंचल कार्यालय की दैनिक गतिविधियों को लाइव देख सकेंगे.
कैमरे दाखिल-खारिज काउंटर, अभिलेखागार (रिकॉर्ड रूम), अंचलाधिकारी (सीओ) और राजस्व कर्मचारियों के चेंबर के अलावा मुख्य प्रवेश व निकास द्वारों पर अनिवार्य रूप से लगाए जाएंगे. किसी भी जांच के लिए इन कैमरों की रिकॉर्डिंग का क्लाउड और लोकल दोनों स्तरों पर बैकअप सुरक्षित रहेगा.
बिचौलियों की एंट्री और बेवजह फाइल अटकाने पर नकेल
अक्सर दाखिल-खारिज, परिमार्जन और जमीन की मापी जैसे बुनियादी कार्यों के लिए रैयतों को दौड़ाने और बिचौलियों के माध्यम से अवैध वसूली की शिकायतें मिलती रही हैं.
हाई-टेक कैमरों की मदद से यह आसानी से ट्रैक किया जा सकेगा कि कौन सा बाहरी व्यक्ति बार-बार कार्यालय परिसर में मंडरा रहा है.
इसके अलावा कर्मचारियों के दफ्तर आने का समय, आम लोगों के साथ उनका बर्ताव और फाइलों के निष्पादन की गति पर भी मुख्यालय से सीधी नजर रखी जाएगी. यदि किसी कर्मी द्वारा बिना ठोस कारण फाइल रोकी गई तो तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी.
पिछले तीन माह में कई कर्मियों पर गिरी गाज
मंत्री ने स्पष्ट किया कि विभाग में सुधार की प्रक्रिया लगातार जारी है और बीते तीन महीनों में ही लापरवाही बरतने वाले कई अधिकारियों, राजस्व कर्मचारियों और डाटा एंट्री ऑपरेटरों पर कड़ी कार्रवाई की जा चुकी है.
इस हाई-टेक सर्विलांस के लागू होने से आम रैयतों और किसानों को दफ्तरों के चक्कर काटने और आर्थिक शोषण से हमेशा के लिए निजात मिलेगी.
प्रेस कॉन्फ्रेंस के मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा, पूर्व जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सुराणा, भाजपा नेता रणजीत यादव, कृष्ण कुमार सेनानी, आकाश राज, गौतम साह, उदय कुमार उदय और रणधीर सिंह समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.