अररिया-सुपौल राष्ट्रीय राजमार्ग (NH 327E) पर रानीगंज स्थित भरगामा मोड़ से लेकर खजूरी जेबीसी स्थित सुपौल सीमा तक सड़क की स्थिति बेहद बदहाल हो चुकी है. सड़क पर बने जानलेवा गड्ढों के कारण आए दिन वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं. ताजा घटना बुधवार सुबह करीब 6:30 बजे घटी, जब खजूरी बाजार और भरगामा के बीच ईंट भट्ठे के पास बने गहरे गड्ढे के कारण एक बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें सवार सहरसा मेडिकल कॉलेज का छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया.
ननिहाल जाने के दौरान हादसे का शिकार हुआ मेडिकल छात्र
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल युवक पूर्णिया के प्रसिद्ध शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. सत्य प्रकाश का पुत्र है, जो सहरसा मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई करता है:
- गड्ढे का अंदाजा न लगने से हादसा: बुधवार सुबह वह बाइक से अपने ननिहाल रानीगंज जा रहा था. इसी दौरान ईंट भट्ठे के पास मोड़ पर गहरे गड्ढे का अंदाजा न लग पाने के कारण बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई.
- हायर सेंटर रेफर: स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भरगामा पहुंचाया. जहां प्रभारी चिकित्सक डॉ. सुनील कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया.
तीन दिन पूर्व टोटो पलटने से तीन महिलाएं हुई थीं घायल
एनएच 327ई पर हादसों का सिलसिला लगातार जारी है. इससे ठीक तीन दिन पहले खजूरी बर्फ फैक्ट्री के पास सड़क के बीचों-बीच बने गड्ढे में एक टोटो अनियंत्रित होकर पलट गया था:
- घायलों की पहचान: हादसे में मानुलहपट्टी पंचायत स्थित मूसहरणीय गांव (वार्ड 5) की फूल धनिया देवी (पति- रामदयाल ऋषिदेव), पिक्कि देवी (पति- बिंदेश्वरी ऋषिदेव) और रीना देवी (पति- विकास ऋषिदेव) गंभीर रूप से घायल हो गई थीं. उन्हें भी प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर करना पड़ा था.
ग्रामीणों और राहगीरों ने की अविलंब मरम्मत की मांग
स्थानीय निवासियों का कहना है कि खजूरी बाजार के पास और बर्फ फैक्ट्री के समीप सड़क के बीच बने गड्ढे दुर्घटनाओं के मुख्य केंद्र बन चुके हैं. विशेषकर रात के समय और तेज रफ्तार वाहनों को इन गड्ढों का पता नहीं चल पाता, जिससे आए दिन वाहन हादसे के शिकार हो रहे हैं. स्थानीय लोगों ने एनएचएआई (NHAI) और प्रशासन से अभिलंब सड़क के गड्ढों को भरने और पक्की मरम्मत कराने की मांग की है.
