ICU Facility: अररिया सदर अस्पताल को बुधवार को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं की बड़ी सौगात मिली. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ऑनलाइन माध्यम से अस्पताल में 4 बेड के आधुनिक आईसीयू का शुभारंभ किया. इसके साथ ही सदर अस्पताल को मॉडल अस्पताल के रूप में नई पहचान मिली है. नई सुविधा शुरू होने से गंभीर मरीजों को अब बेहतर इलाज के लिए दूसरे शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा.
अब नहीं जाना पड़ेगा पूर्णिया और पटना
अब तक आईसीयू और वेंटिलेटर सुविधा के अभाव में गंभीर मरीजों को पूर्णिया या पटना रेफर किया जाता था. निजी अस्पतालों में इलाज का खर्च अधिक होने के कारण आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था. कई मामलों में लोगों को इलाज के लिए अपनी जमीन-जायदाद तक बेचनी पड़ती थी.
आधुनिक उपकरणों से लैस है नया आईसीयू
अस्पताल प्रशासन के अनुसार नए आईसीयू के प्रत्येक बेड पर वेंटिलेटर, आधुनिक मॉनिटर, डिफिब्रिलेटर तथा अन्य आवश्यक जीवन रक्षक उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं. इसके अलावा गंभीर मरीजों के इलाज के लिए आवश्यक जीवन रक्षक दवाओं की भी समुचित व्यवस्था की गयी है.
24 घंटे मिलेगी विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा
आईसीयू का संचालन अनुभवी चिकित्सकों, प्रशिक्षित नर्सों और कंपाउंडरों की विशेष टीम की निगरानी में 24 घंटे किया जाएगा. अस्पताल प्रशासन ने बताया कि गरीब एवं लाचार मरीजों के लिए आईसीयू में भर्ती और वेंटिलेटर की सुविधा पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध रहेगी.
अधिकारियों ने जताई खुशी
ICU Facility: सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. राजेंद्र ने कहा कि मॉडल अस्पताल में आईसीयू की शुरुआत जिले के लिए बड़ी उपलब्धि है. अब गंभीर मरीजों को बाहर रेफर करने की आवश्यकता कम होगी. वहीं आईसीयू प्रभारी डॉ. प्रदीप कुमार ने कहा कि आर्थिक तंगी के कारण कई मरीज समय पर बेहतर इलाज नहीं पा पाते थे, लेकिन अब नि:शुल्क आईसीयू सुविधा से उनकी जान बचाने में मदद मिलेगी.उद्घाटन समारोह में अस्पताल प्रबंधक विकास कुमार, जिला कार्यक्रम प्रबंधक संतोष कुमार सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक, नर्स और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे. स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया.
